भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी के जिला न्यायालय परिसर में न्याय कानून की किताबों से बाहर निकलकर आक्रोश सड़कों पर उतर आया। 11वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा से बार-बार दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग और लगातार शोषण के आरोपों में गिरफ्तार ओसाफ अली खान को जब कोहेफिजा पुलिस पेशी के लिए अदालत लाई, तो वहां मौजूद वकीलों का संयम टूट गया। जैसे ही आरोपी की शक्ल नजर आई, भीतर सुलग रहा गुस्सा भड़क उठा और न्यायालय का शांत माहौल देखते-देखते शोर, नारेबाजी और धक्का-मुक्की में बदल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी को पुलिस के सुरक्षा घेरे में कोर्ट भवन की ओर ले जाया जा रहा था। पीड़िता की आपबीती से परिचित कई वकील पहले से आक्रोशित थे। पहचान होते ही कुछ अधिवक्ता आगे बढ़े, सुरक्षा घेरा कमजोर पड़ा और हाथापाई की स्थिति बन गई। कुछ ही पलों में कोर्ट परिसर में अफरातफरी मच गई। कामकाज ठप हो गया और पुलिस-वकीलों के बीच झूमाझटकी तक की नौबत आ गई।
हालात संभालने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा और किसी तरह आरोपी को सुरक्षित बाहर ले जाया गया। इस घटनाक्रम के वीडियो सामने आए हैं, जिनमें पुलिस की मशक्कत और भीड़ का उबाल साफ दिखाई देता है।
सहेली के जरिये संपर्क बढ़ा
यह आक्रोश अचानक नहीं फूटा। इसकी पृष्ठभूमि में वह दर्दनाक मामला है, जिसने पूरे शहर को झकझोर दिया है। शाहपुरा इलाके के एक प्रतिष्ठित स्कूल में पढ़ने वाली 11वीं कक्षा की छात्रा ने साहस जुटाकर अपने परिवार के साथ कोहेफिजा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस के अनुसार, छात्रा की एक सहेली के संपर्क में आरोपी था और अक्सर स्कूल के आसपास देखा जाता था। इसी सहेली के माध्यम से उसने पीड़िता से बातचीत शुरू की, भरोसा जीता और धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ाईं।
शादी का झांसा दिया, अश्लील वीडियो बनाया
शिकायत के मुताबिक, भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने अलग-अलग मौकों पर छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। पिछले साल जुलाई में आरोपी ने पीड़िता को घुमाने के बहाने बुलाया और खानूगांव के सुनसान इलाके में वो उसे लेकर पहुंचा, वहां कार के अंदर आरोपी ने छात्रा के साथ रेप किया। विरोध करने पर उसने शादी का झांसा देकर उसे चुप करा दिया।
आरोप है कि उसने इस दौरान चोरी-छिपे अश्लील वीडियो बना लिया। बाद में यही वीडियो ब्लैकमेलिंग का जरिया बन गया। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी ने एक लाख रुपये की मांग की। बदनामी और डर के साए में जी रही नाबालिग ने किसी तरह 40 हजार रुपये का इंतजाम कर आरोपी को दे दिए। इसके बावजूद कथित तौर पर धमकियों और शोषण का सिलसिला थमा नहीं।
पुलिस का बयान
लगातार मानसिक प्रताड़ना से टूट चुकी छात्रा ने आखिरकार परिवार को पूरी बात बताई। परिवार ने पुलिस का रुख किया और बिना देरी के मामला दर्ज कराया गया। कोहेफिजा थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल शुक्ला के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और आईटी एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, ताकि डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपों की पुष्टि की जा सके।













