नई दिल्ली: उत्तराखंड से लेकर हिमाचल प्रदेश और कश्मीर तक मौसम का मिजाज बदल चुका है। कई जगहों पर रविवार को बारिश और बर्फबारी हुई है। उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में सोमवार को भारी बारिश, बर्फबारी और आकाशीय बिजली चमकने का अलर्ट जारी हुआ है। कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में भी रविवार को बर्फबारी और बारिश हुई। पहलगाम और कुलगाम जिले के काजीगुंड इलाकों में बर्फबारी हुई है। श्रीनगर समेत दक्षिण कश्मीर के कई इलाकों में बारिश हुई है।
कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश का अनुमान
मौसम विभाग का कहना है कि 2-3 फरवरी को कश्मीर के कई ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी का अनुमान लगाया है। हिमाचल प्रदेश में भी येलो अलर्ट जारी हुआ है। रविवार को मनाली में सबसे अधिक बारिश हुई है। यहां 10 मिमी बारिश हुई है। शिमला में 4.2 मिमी, सोलन में 3.4 मिमी, नादौन में 2.6 मिमी और नाहन में 2.4 मिमी बारिश हुई है। 2 और 3 फरवरी को सूबे में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और बारिश का अनुमान जारी हुआ है।
इसे भी पढ़ें-हिमाचल में बर्फबारी-शीतलहर तेज, 4 फरवरी से मौसम में आएगा ये बदलाव
देहरादून और नैनीताल जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। शनिवार रात व रविवार देहरादून, मसूरी, कोटी और सांकरी में बारिश दर्ज की गई। उत्तरकाशी के गंगोत्री, यमुनोत्री धाम, हर्षिल, हरकीदून घाटी सहित ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हुई।
जम्मू-कश्मीर में सबसे अधिक ठंड दर्ज की गई
श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसमी औसत से तीन डिग्री अधिक है। कश्मीर में 40 दिनों की सबसे कठोर सर्दियों की अवधि चिल्लई कलां की समाप्ति के बाद से श्रीनगर शहर में न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे लेकिन लगातार बढ़ रहा है। बारामूला जिले में गुलमर्ग का स्की रिसॉर्ट शून्य से 8 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान के साथ जम्मू-कश्मीर में सबसे ठंडा स्थान दर्ज किया गया। दक्षिण कश्मीर के पर्यटन स्थल पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार को हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अनुमान जताया है।

















