महाराष्ट्र की राजनीति से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और NCP प्रमुख अजित पवार का एक प्लेन क्रैश में निधन हो गया है। इस हादसे में उनके साथ दो पायलट और दो अन्य यात्री भी अपनी जान गंवा बैठे। यह दुर्घटना बारामती एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग के प्रयास के दौरान हुई।
अजित पवार का आखिरी पोस्ट- बताया जा रहा है कि प्लेन को तकनीकी खराबी और खराब मौसम के कारण अचानक उतरने की कोशिश करनी पड़ी। लेकिन लैंडिंग के दौरान विमान संतुलन खो बैठा और जोरदार धमाके के साथ दुर्घटनाग्रस्त हो गया। मौके से सामने आए वीडियो में साफ दिखाई दे रहा था कि हादसा कितना भयानक था। क्रैश के तुरंत बाद विमान आग की लपटों में घिर गया और कुछ ही समय में मलबे में बदल गया। इस दुखद घटना के बाद अजित पवार का सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर किया गया आखिरी पोस्ट भी वायरल हो रहा है। हादसे से कुछ समय पहले उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी लाला लाजपत राय को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी थी। उन्होंने लिखा था कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले लाला लाजपत राय जी को शत-शत नमन। हालांकि अब यह पोस्ट उनके पेज पर दिखाई नहीं दे रहा है।
राजनीतिक सफर- जानकारी के अनुसार, जिला परिषद और पंचायत समितियों के चुनाव चल रहे थे। इसी बीच अजित पवार मुंबई से बारामती एक सार्वजनिक बैठक में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। गौरतलब है कि इससे पहले भी महाराष्ट्र में खराब मौसम के कारण कई बार हेलीकॉप्टर और विमानों को आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी है। अजित पवार महाराष्ट्र के सबसे लंबे समय तक उपमुख्यमंत्री रहने वाले नेताओं में शामिल थे। उन्होंने पृथ्वीराज चव्हाण, देवेंद्र फड़नवीस, उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे जैसे मुख्यमंत्रियों के साथ काम किया। उनका राजनीतिक सफर काफी लंबा और प्रभावशाली रहा।

















