भारतीय रसोई में अचार का अपना ही अलग स्वाद और महत्व है। दाल–चावल हो या पराठा-सब्जी, अचार हर खाने को खास बना देता है। सर्दियों में मिलने वाली ताजी मूली से बना चटपटा अचार स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद होता है। इसे घर पर बनाना बहुत आसान है और इसमें ज्यादा समय भी नहीं लगता। आइए जानते हैं मूली का स्वादिष्ट और चटपटा अचार बनाने की आसान विधि।
आवश्यक सामग्री- मूली- 1 किलो, नमक- स्वादानुसार, सरसों का तेल- 200 मिली, राई (सरसों)- 3 बड़े चम्मच, सौंफ- 2 बड़े चम्मच, मेथी दाना- 1 छोटा चम्मच, हल्दी पाउडर- 1 छोटा चम्मच, लाल मिर्च पाउडर- 2 छोटे चम्मच (स्वादानुसार), हींग- 1 चुटकी, नींबू का रस या सिरका- 2 बड़े चम्मच।
सबसे पहले मूली को अच्छे से धो लें फिर छिलका उतारकर इसे लंबी पतली कतरनों में काट लें। अब कटी हुई मूली में थोड़ा नमक मिलाकर 5–6 घंटे के लिए धूप में या पंखे के नीचे फैला दें, ताकि मूली का अतिरिक्त पानी निकल जाए। यह कदम बहुत जरूरी है, क्योंकि इससे अचार लंबे समय तक खराब नहीं होता।
मसाला तैयार करने की विधि- अब एक कढ़ाही में राई, सौंफ और मेथी दाना हल्का सा भून लें। ध्यान रखें कि मसाले जलें नहीं। ठंडा होने पर इन्हें मिक्सर में दरदरा पीस लें। अब इसमें हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और हींग मिला दें।
अचार बनाने की विधि- एक बड़े बर्तन में सूखी मूली डालें। इसमें तैयार मसाला और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अब सरसों का तेल हल्का गरम करें और ठंडा होने दें। ठंडा तेल मूली में डालकर अच्छे से मिलाएं। अंत में नींबू का रस या सिरका डाल दें, जिससे अचार का स्वाद बढ़ेगा और वह जल्दी खराब नहीं होगा। तैयार अचार को साफ और सूखे कांच के जार में भर लें। जार को 2–3 दिन धूप में रखें और रोज़ एक साफ चम्मच से चलाते रहें। इसके बाद आपका मूली का चटपटा अचार खाने के लिए तैयार है। यह अचार पराठों, दाल-चावल या सादा रोटी के साथ बहुत स्वादिष्ट लगता है। घर पर बना होने की वजह से यह शुद्ध, स्वादिष्ट और सेहतमंद भी होता है। एक बार बनाकर देखें, यकीनन घर के सभी लोग इसकी तारीफ करेंगे।











