भारत में अचार किसी भी खाने का स्वाद दोगुना कर देता है। चाहे साधारण दाल-चावल हो या परांठे, अचार सबके साथ खूब पसंद किया जाता है। अचारों में भी लाल भरवा मिर्च का अचार एक ऐसा विकल्प है, जिसका खट्टा-तीखा स्वाद हर किसी को लुभा लेता है। यह बनाने में काफी आसान है और घर पर बनने वाला अचार बाजार वाले अचार से ज्यादा स्वादिष्ट और स्वास्थ्यवर्धक होता है। आज हम आपको बताएँगे कि आप किस तरह सरल सामग्री के साथ इस स्वादिष्ट अचार को घर पर तैयार कर सकते हैं।
आवश्यक सामग्री- मोटी लाल मिर्च – ½ किलो, सरसों का तेल – 1 कप, सौंफ – 3 बड़े चम्मच, मेथी दाना – 1 बड़ा चम्मच, अजवाइन – 1 चम्मच, हल्दी – 1 चम्मच, नमक – स्वादानुसार, लाल मिर्च पाउडर – 1 चम्मच, अमचूर पाउडर या नींबू का रस – 2 चम्मच, राई पाउडर – 2 बड़े चम्मच।
तैयारी का तरीका- सबसे पहले लाल मोटी मिर्चों को अच्छी तरह धोकर साफ कपड़े से पोंछ लें। ध्यान रखें कि मिर्चों में बिल्कुल नमी नहीं रहनी चाहिए, वरना अचार जल्दी खराब हो सकता है। अब मिर्च के बीच में लंबाई में चीरा लगाएँ, लेकिन ध्यान रहे कि मिर्च दो टुकड़ों में न बँटे। अब एक कढ़ाई में हल्की आँच पर सौंफ, मेथी दाना और अजवाइन को सूखा भून लें। भूनते समय खुशबू आने लगे तो समझिए मसाले तैयार हैं। इन्हें ठंडा होने दें और फिर दरदरा पीस लें। अब एक बाउल में यह मसाला लें और इसमें नमक, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, राई पाउडर और अमचूर पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें। चाहें तो मसाले में थोड़ा सा तेल भी मिला सकते हैं ताकि भरना आसान हो जाए। तैयार मसाले को एक-एक मिर्च में भर दें और हल्के हाथों से दबाते हुए बंद करें। अब एक बड़ी पैन या कढ़ाई में सरसों का तेल गर्म करें। जब तेल से धुआँ उठने लगे तो गैस बंद कर दें और तेल को ठंडा होने दें। फिर इसमें मसाला भरी मिर्चें डालें और हल्के हाथों से मिलाएँ ताकि सभी मिर्चों पर तेल अच्छी तरह लग जाए। मिर्चों को काँच की साफ और सूखी बोतल में भरकर 2-3 दिनों के लिए धूप में रख दें। ध्यान रखें कि बोतल में नमी न पहुँचे। धूप का असर पड़ने से मसाले का स्वाद मिर्चों में पूरी तरह बस जाएगा और अचार और भी लाजवाब बनेगा।
टिप्स- अचार बनाते समय हाथ और बर्तन पूरी तरह सूखे रहने चाहिए। चाहें तो इसमें थोड़ा सा सिरका भी डाल सकते हैं इससे अचार ज्यादा समय तक चलता है। समय-समय पर बोतल को हिलाते रहें ताकि मसाला और तेल समान रूप से फैला रहे।











