देवभूमि में एक बार फिर लव जिहाद का मामला सामने आया है। श्रीनगर पुलिस ने एक मुस्लिम युवक को नाम बदलकर एक युवती से दोस्ती करने, शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण करने और उसकी अश्लील तस्वीरें और वीडियो वायरल करने की धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान श्रीनगर के अलकनंदा विहार के रहने वाले समीर जाफरी के रूप में हुई है।
कोतवाली श्रीनगर में दर्ज शिकायत के अनुसार, आरोपी ने अपना नाम हिंदू नाम समीर द्विवेदी बताकर युवती से संपर्क किया। धीरे-धीरे दोस्ती बढ़ाई और विश्वास में लेकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए। महिला का आरोप है कि आरोपी ने खुद को शादी के लिए तैयार बताते हुए उसे लंबे समय तक भ्रम में रखा। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी पिछले करीब एक साल से उसे शादी का झांसा देकर लगातार पीछा कर रहा था। इस दौरान वह उससे पैसों की मांग करता रहा। जब महिला ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपी का रवैया और आक्रामक हो गया। शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने महिला के निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। इसके साथ ही उसने ब्लैकमेल किया और जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे महिला मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गई।
गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
महिला की शिकायत के आधार पर कोतवाली श्रीनगर में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता और महिला अपराध से जुड़े होने को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने तत्काल गिरफ्तारी और प्रभावी विवेचना के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तारी
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गोपनीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी समीर जाफरी को कम समय में गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और अन्य साक्ष्यों का संकलन किया जा रहा है। गिरफ्तारी अभियान में महिला उपनिरीक्षक लक्ष्मी सकलानी, उपनिरीक्षक राजेश असवाल, हेड कांस्टेबल महावीर राणा और महिला कांस्टेबल बबीता नेगी शामिल रहीं।















