बसंत पंचमी के दिन देवभूमि उत्तराखंड के चारों पवित्र स्थानों पर बर्फबारी हुई। पूरे राज्य में हल्की से भारी बारिश हो रही है। मौसम में बदलाव के साथ तेज ठंडी हवाओं ने भी कड़ाके की ठंड का एहसास कराया है। केदारनाथ नगरी में सुबह से ही बर्फबारी हो रही है केदारनगरी को बर्फ की सफेद चादर ने ओढ़ लिया है। बद्रीनाथ धाम में भी हिमपात होने से कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
श्री हेमकुंड साहिब, गंगोत्री, यमुनोत्री, हर्षिल में भी बर्फ बारी हुई है। जोशीमठ, ओली, धनौल्टी और मसूरी के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी की खबरें हैं। कुमायूं की व्यास, दारमा, जोहार वैली में भी भारी हिमपात होने की खबरे है।आदि कैलाश,गूंजी, ॐ पर्वत, नाभि ढांग, मुंशियारी में भी बर्फबारी होने की सूचनाएं आ रही है। तराई भावर क्षेत्र में हल्की बारिश हुई है जबकि दून घाटी में मध्यम बारिश होने से मौसम में और अधिक ठंडक का एहसास हो रहा है। हरिद्वार,काशीपुर,हल्द्वानी, बाजपुर आदि शहरों में भी वर्षा और सर्द हवाएं चल रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन मौसम ऐसे ही रहने वाला है।

















