अमृतसर से हिंदू देवी-देवताओं की फोटो से आपत्तिजनक हरकतें करने का एक वीडियो सामने आया है। इसमें एक पगड़ीधारी व्यक्ति न केवल देवी-देवताओं की फोटो पर पैर मार रहा है बल्कि थूक भी रहा है। यह वीडियो वायरल होने के बाद एक युवक उस व्यक्ति को ढूंढते हुए उसके घर तक पहुंच गया। जहां उसने आरोपी को थप्पड़ मारे, जिसके बाद वह माफी मांगने लगा।
इस घटना से जुड़े 2 वीडियो सामने आए हैं। हिंदू नेताओं ने आरोपी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पुलिस को चेतावनी दी कि फिर मानसिक रोगी बताकर मामले को हल्का न करें। वहीं अमृतसर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने का केस दर्ज कर लिया है। जिसके बाद उसे गिरफ्तार भी किया जा चुका है।
पहला वीडियो : फोटो पर जूते मारे, थूका
ये वीडियो 52 सेकेंड का है। इसमें दिख रहा है कि एक जैकेट व पगड़ी पहने व्यक्ति किसी घर के पिछले हिस्से में खड़ा है। उसका वीडियो नजदीक की छत से रिकॉर्ड किया गया है। इसमें वह हाथ में झाडू उठाता है। फिर वहां गिरे बैनर पर लगी हिंदू देवता की फोटो पर जूते पहनकर खड़ा हो जाता है। जूते मारता है और फिर जूतों का निचला हिस्सा साफ करता है।
दूसरे बैनर पर भी की गई आपत्तिजनक हरकत
इसके बाद वह दूसरे बैनर पर आता है, जिसमें हिंदू देवी की फोटो लगी है। उसमें भी वह जूते मारता है। इसके बाद वह एक बैनर को उठा लेता है। इस दौरान वह उस तरफ भी देखता है, जहां से उसकी वीडियो बनाई जा रही है। इसके बाद वह हिंदू देवी के बैनर पर फिर जूते मारता है और थूक देता है।
दूसरा वीडियो : माफी मांगने लगा
इसके साथ अब दूसरा करीब 2 मिनट का वीडियो सामने आया है। जिसमें एक युवक कहता है कि वह नमन कपूर है। वह जिला कांग्रेस कमेटी का जनरल सेक्रेटरी है। वह उस बुजुर्ग के पास खड़ा होता है। नमन कहता है कि एक वीडियो वायरल हो रही है, जिसमें ये व्यक्ति हिंदू देवी-देवताओं की फोटो की बेअदबी कर रहा है। यह मेरी गली गंडावाली में ही रहता है।
आरोपी ने कान पकड़कर मांगी माफी
इसके बाद वह व्यक्ति को थप्पड़ मारते हुए कहता है कि इसकी सेवा की है। फोटो के साथ आपत्तिजनक हरकतें करने वाला कान पकडक़र और हाथ जोडक़र माफी मांगने लगता है। व्यक्ति कहता है कि उससे गलती हो गई है, वह माफी मांगता है।
लड़ाई कराने का आरोप
नमन कपूर कहते हैं कि सरदार होने के बावजूद ऐसे लोग सारे धर्मों में लड़ाई करवाते हैं। इस दौरान कुछ लोग कहते हैं कि आरोपी व्यक्ति सिख नहीं बल्कि ब्राह्मण है। इस दौरान सारे लोग उसकी हरकतों को लेकर उसे डांटते हुए नजर आते हैं।
धार्मिक भावनाएं आहत करने की एफआईआर दर्ज
इस मामले में अमृतसर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में क्चहृस् की धारा 298 के तहत केस दर्ज कर लिया है।
हिंदूनिष्ठ संगठनों का बयान
इस मामले में ऑल इंडिया हिंदू संघर्ष कमेटी के अध्यक्ष सचिन महिरा ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 19 जनवरी 2026 की शाम उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो देखा, जिसमें एक व्यक्ति हिंदूदेवी-देवताओं की तस्वीरों को जमीन पर रखकर उनके ऊपर पैर रखता और अपमानजनक हरकतें करता नजर आ रहा है।
आरोपी की पहचान और घटना का स्थान
वीडियो सामने आने के बाद जांच में पता चला कि यह घटना अमृतसर के नानक मंडी इलाके की गंडा वाली गली की है। आरोपी की पहचान हरजीत सिंह उर्फ गुड्डू के तौर पर हुई।
पुलिस का आधिकारिक बयान
सचिन ने कहा कि इस घटना से हिंदू समाज में भारी रोष फैल गया है, क्योंकि देवी-देवताओं की तस्वीरें आस्था का केंद्र होती हैं और उनका अपमान धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाता है। इस मामले में अमृतसर के थाना बी डिवीजन के एसएचओ शमिंदर सिंह ने कहा कि हमें एक शिकायत प्राप्त हुई है, जिसमें धार्मिक बेअदबी से जुड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को कल कोर्ट मे पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि ये पता चल सके कि उसने ऐसी हरकत क्यों की।

















