नई दिल्ली। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी हुआ है। मौसम विभाग ने यह अलर्ट जारी किया है। 21जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इससे उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी 3400 मीटर ऊंचाई वाले इलाकों में हो सकती है। जिससे सूबे के मैदानी, पहाड़ी और उच्च हिमालयी इलाकों में ठंड, कोहरा और शीतलहर की स्थिति देखने को मिलेगी।
हिमाचल में 22 जनवरी से 25 जनवरी तक खराब रहेगा मौसम
हिमाचल प्रदेश में अगले दो दिन ठिठुरन से राहत नहीं मिलने वाली है। मौसम विभाग के मुताबिक, 22 से 25 जनवरी के बीच प्रदेश भर में मौसम खराब रहेगा और 23 जनवरी को वेस्टर्न डिस्टरबेंस सबसे अधिक सक्रिय होगा। इसके चलते ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
शिमला-मनाली में अभी तक बर्फबारी नहीं हुई…
मौसम विभाग ने साफ किया है कि पिछले 24 घंटों में राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में भी कहीं बर्फबारी नहीं हुई है। आज भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ बना हुआ है। बता दें कि इस सर्दी में अब तक शिमला और मनाली में पहली बर्फबारी भी नहीं हो पाई है। शिमला से सटे प्रसिद्ध हिल स्टेशन कुफरी और नारकंडा से भी बर्फ पूरी तरह गायब है।
वहीं, मौसम विभाग का कहना है कि नैनीताल, अल्मोड़ा, पौड़ी, चमोली और पिथौरागढ़ जैसे पहाड़ी जिलों में मौसम शुष्क रहने के साथ ठंडी हवाओं और बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। 21 जनवरी से इन इलाकों में हल्की बारिश शुरू हो सकती है। इससे ठंड और बढ़ेगी। मैदानी और निचले पहाड़ी इलाकों में 21 जनवरी तक घना कोहरा बना रह सकता है। इससे दृश्यता कम होगी।

















