मालदा । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी और महायुति की ऐतिहासिक जीत की जमकर सराहना की है। पश्चिम बंगाल के मालदा में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा अब उन इलाकों में भी जीत दर्ज कर रही है, जहां कभी पार्टी की जीत को असंभव माना जाता था। उन्होंने इसे विकास मॉडल पर जनता, खासकर युवाओं के भरोसे का नतीजा बताया।
बीएमसी चुनाव में बीजेपी-शिंदे सेना का दबदबा
बीएमसी चुनाव में भाजपा-शिवसेना (शिंदे गुट) गठबंधन सबसे बड़े ब्लॉक के रूप में उभरा है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, बीजेपी ने 89 सीटें जीतीं, जबकि शिंदे सेना को 29 सीटें मिलीं। इस जीत के साथ महायुति ने ठाकरे भाइयों को पीछे छोड़ दिया। इसके अलावा ठाणे, पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ सहित कुल 29 नगर निकायों में महायुति का शानदार प्रदर्शन रहा।
मुंबई में पहली बार रिकॉर्ड जीत
पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी महानगरपालिकाओं में शामिल बृहन्मुंबई महानगरपालिका में पहली बार भाजपा की रिकॉर्ड जीत महाराष्ट्र की राजनीति में एक बड़ा बदलाव है। यह जीत दर्शाती है कि शहरी मतदाता अब पारंपरिक राजनीति से आगे बढ़कर विकास और स्थिरता को प्राथमिकता दे रहे हैं।
केरल के तिरुवनंतपुरम में भी भाजपा का परचम
प्रधानमंत्री ने तिरुवनंतपुरम नगर निगम का जिक्र करते हुए बताया कि केरल की राजधानी में भाजपा ने पहली बार मेयर पद पर जीत दर्ज की है। भाजपा के वीवी राजेश पार्टी के पहले मेयर बने। यह जीत यूडीएफ और एलडीएफ दोनों के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है और यह संकेत देती है कि भाजपा अब दक्षिण भारत में भी अपनी पकड़ मजबूत कर रही है।
युवाओं का भरोसा और विकास मॉडल की ताकत
पीएम मोदी ने कहा कि यह जीत जेन-जी मतदाताओं के भाजपा के विकास मॉडल पर भरोसे को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि जिन इलाकों में वर्षों तक भाजपा के खिलाफ अफवाहें फैलाई गईं, वहां भी अब जनता पार्टी को समर्थन दे रही है। पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि यही भरोसा आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भी भाजपा को बड़ी जीत दिलाएगा।
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन और बंगाल चुनाव का संदेश
मालदा दौरे के दौरान पीएम मोदी ने भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई, जो हावड़ा-गुवाहाटी (कामाख्या) रूट पर चलेगी। उनका यह दौरा और संबोधन साफ तौर पर पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए एक राजनीतिक संदेश माना जा रहा है, जहां भाजपा और टीएमसी के बीच सियासी टकराव तेज हो चुका है।
सीएए और मतुआ समुदाय को सुरक्षा का भरोसा
प्रधानमंत्री ने नागरिकता संशोधन कानून (CAA) को लेकर मतुआ नमशूद्र समुदाय को पूर्ण सुरक्षा का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पड़ोसी देशों में धार्मिक उत्पीड़न से भागकर आए शरणार्थियों को डरने की जरूरत नहीं है। संविधान और सीएए के तहत उन्हें भारत में सम्मानजनक जीवन का अधिकार दिया गया है।
बता दें कि मतुआ समुदाय पश्चिम बंगाल की लगभग 80 विधानसभा सीटों पर प्रभाव रखता है।

















