नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के जौनपुर में बुधवार को प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की चपेट में आने से एक डॉक्टर की मौत हो गई। मांझे की तेज धार से डॉक्टर का गला कट गया और हॉस्पिटल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना जौनपुर के लाइन बाजार थाना क्षेत्र के अंतर्गत प्रसाद इंटरनेशनल स्कूल के पास की है।
मांझे से गर्दन कटी और सड़क पर खून ही खून बिखर गया
डॉक्टर का नाम समीर हाशमी है। वह बाइक से किसी से मिलने जिला अस्पताल जा रहे थे। मृतक समीर केराकत बाजार में फिजियोथेरेपिस्ट के रूप में प्रैक्टिस करते थे। उनके पिता ने मीडिया को जानकारी दी कि जब वह प्रसाद इंटरनेशनल स्कूल के पास पहुंचे तभी अचानक चाइनीज मांझे कि चपेट में आ गए और उसके तेज धार से उनकी गर्दन कट गई। उन्हें हेलमेट निकालने तक का मौका नहीं मिला।
लोगों ने पहुंचाया अस्पताल लेकिन रास्ते में ही तोड़ दिया दम
घटना के वक्त आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने समीर को मृत घोषित कर दिया। सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता का कहना है कि चाइनीज मांझे को बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित चाइनीज मांझे को लोग ऑनलाइन मंगाकर इसका उपयोग कर रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। बता दें कि चाइनीज मांझा भारत में प्रतिबंधित है। लेकिन उसके बाद भी जगह-जगह मिलता है।

















