भारत सरकार की ओर से लोगों को उनकी आय और जरूरत के अनुसार अलग-अलग प्रकार के राशन कार्ड दिए जाते हैं। राशन कार्ड के जरिए गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों को सस्ते दामों पर अनाज और अन्य जरूरी सामान मिलता है। यह एक बहुत ही जरूरी दस्तावेज होता है। राशन कार्ड के बिना आप सरकारी राशन योजना का लाभ नहीं ले सकते। कई बार ऐसा होता है कि हमारा राशन कार्ड कहीं खो जाता है या फिर चोरी हो जाता है। ऐसे में घबराने की जरूरत नहीं होती। सरकार ने डुप्लीकेट राशन कार्ड बनवाने की सुविधा दी है। अगर आपका राशन कार्ड खो गया है, तो आप नया यानी डुप्लीकेट राशन कार्ड बनवा सकते हैं। इसके लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीके मौजूद हैं।
राशन कार्ड खोने पर सबसे पहला काम- अगर आपका राशन कार्ड खो गया है या चोरी हो गया है, तो सबसे पहले आपको अपने नजदीकी पुलिस थाने में जाकर इसकी एफआईआर दर्ज करवानी चाहिए। एफआईआर की कॉपी डुप्लीकेट राशन कार्ड बनवाने के लिए जरूरी होती है। बिना एफआईआर के आवेदन स्वीकार नहीं किया जाता।
ऑफलाइन तरीके से डुप्लीकेट राशन कार्ड कैसे बनवाएं- ऑफलाइन आवेदन करने के लिए आपको अपने जिले के डीएफएससी (जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक) कार्यालय जाना होगा। वहां जाकर आप डुप्लीकेट राशन कार्ड के लिए आवेदन कर सकते हैं। ऑफलाइन आवेदन की प्रक्रिया इस प्रकार है- सबसे पहले डीएफएससी ऑफिस जाएं। वहां से डुप्लीकेट राशन कार्ड का फॉर्म लें, जिसे आमतौर पर डी-वाई फॉर्म कहा जाता है। फॉर्म को ध्यान से भरें और सभी जानकारी सही-सही लिखें। फॉर्म के साथ ये दस्तावेज लगाएं-पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफआईआर की कॉपी, डिपो होल्डर रिपोर्ट, परिवार के हर सदस्य की दो पासपोर्ट साइज फोटो, कई जगह परिवार की ग्रुप फोटो भी मांगी जाती है, तय की गई पेनाल्टी फीस और उसकी रसीद। सभी दस्तावेज और फॉर्म जमा करने के बाद आपका आवेदन स्वीकार कर लिया जाएगा। कुछ दिनों बाद आपको सूचना दी जाएगी कि आपका डुप्लीकेट राशन कार्ड बन गया है। इसके बाद आप राशन कार्ड ऑफिस जाकर अपना नया कार्ड प्राप्त कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें- PVC राशन कार्ड क्या है? जानिए इसे बनवाने का आसान तरीका
ऑनलाइन तरीके से डुप्लीकेट राशन कार्ड कैसे अप्लाई करें- आजकल कई राज्य ऑनलाइन सुविधा भी देते हैं। हालांकि, यह ध्यान रखना जरूरी है कि हर राज्य की राशन कार्ड से जुड़ी वेबसाइट अलग होती है। इसलिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया भी राज्य के अनुसार थोड़ी अलग हो सकती है। ऑनलाइन आवेदन के लिए आपको अपने राज्य की खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। वहां आपको नया राशन कार्ड या डुप्लीकेट राशन कार्ड से जुड़ा विकल्प मिलेगा। वेबसाइट पर मांगी गई जानकारी भरें, जरूरी दस्तावेज अपलोड करें और आवेदन सबमिट कर दें।














