आम आदमी पार्टी की नेता व दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी द्वारा नवम् गुरु श्री गुरु तेगबहादुर जी को लेकर की गई अपमानजनक टिप्पणी का शिरोमणि गुरु द्वारा प्रबंधक कमेटी ने कड़ा नोटिस लिया है। कमेटी के प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने आतिशी के बयान पर आपत्ति जताई है।
पूर्व सीएम आतिशी ने बीते दिनों दिल्ली विधानसभा में श्री गुरु तेग बहादर साहिब जी को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया था। जिसका अब दिल्ली सहित देश के अन्य राज्यों में कड़े शब्दों में निंदा हो रही है। एडवोकेट धामी ने इसे आप नेताओं की घटिया मानसिकता का परिचायक बताया है।
प्रधान धामी ने कहा कि आतिशी का यह बयान सिख भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाने वाला है, जिसे सिख कौम कभी भी बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि नौवें पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी ने धर्म की रक्षा के लिए दिल्ली में शहादत दी थी। ऐसे महान गुरु के बारे में दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता द्वारा अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि यह आम आदमी पार्टी की सोच को भी उजागर करता है।
आतिशी की सदस्यता रद्द करने की मांग
एसजीपीसी प्रधान ने मांग की कि विधानसभा स्पीकर को चाहिए कि आतिशी की सदस्यता तुरंत रद्द की जाए। साथ ही उन्होंने आम आदमी पार्टी की शीर्ष नेतृत्व से सवाल किया कि क्या पार्टी अपने इस नेता के खिलाफ कोई कार्रवाई करेगी या नहीं। एडवोकेट धामी ने कहा कि सिख धर्म और गुरु साहिबान के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और इस तरह के बयानों का हर स्तर पर विरोध किया जाएगा।
जानें क्या था विवाद..?
दिल्ली विधानसभा में प्रदूषण चर्चा के दौरान पूर्व सीएम आतिशी ने गुरु तेग बहादुर जी के सम्मान वाली विशेष चर्चा पर आपत्ति जताते हुए कहा था कि दिल्ली के लोग प्रदूषण से मर रहे हैं, सांस नहीं ले पा रहे। फिर उन्होंने कथित तौर पर जोड़ते हुए कहा कि कहते हैं कुत्तों का सम्मान करो, गुरु का सम्मान करो। भाजपा नेताओं ने इसे सिख गुरु का अपमान माना, सदस्यता रद्द करने और जेल भेजने की मांग की।
दूसरी ओर राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व चेयरमैन इकलाब सिंह लालपुरा ने आम आदमी पार्टी के पंजाब के नेताओं से सवाल किया हैं कि दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने गुरु साहिब का अपमान किया, इस पर वह चुप क्यों हैं। पत्रकारों से बातचीत करते हुए लालपुरा ने कहा ‘दिल्ली विधान सभा में पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा, कुत्तों का सम्मान करो… एक सिख होने के नाते मैं आगे कुछ नहीं कह सकता।
इस बात की पुष्टि दिल्ली विधानसभा के स्पीकर ने भी की कि गुरु साहिब के बारे में आतिशी ने गलत शब्दों का प्रयोग किया। इसके बावजूद पंजाब के नेता चुप बैठे हैं।’

















