नई दिल्ली । गुरु श्री तेग बहादुर जी के बलिदान को नमन करने के लिए मंगलवार को दिल्ली विधानसभा में विशेष चर्चा की गई। इसी दौरान आम आदमी पार्टी की नेता और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी पर बेहद शर्मनाक और भद्दे शब्दों के प्रयोग का आरोप लगा। भाजपा नेताओं ने कड़ा एतराज जताया। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से आतिशी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की मांग की।
कैबिनेट मंत्रियों और विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी के मुख्य सचेतक अभय वर्मा ने विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर नेता प्रतिपक्ष आतिशी की सदस्यता रद्द करने और आपराधिक मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की है।
आतिशी ने दिल्ली विधानसभा में जो कहा, उसका वीडियो वायरल हुआ हैः
https://twitter.com/KapilMishra_IND/status/2008811019158847790
कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह ने विधानसभा परिसर में पत्रकारों को बताया कि आज विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को मुख्य सचेतक अभय वर्मा और मंत्रियों ने मिलकर एक पत्र लिखा है। सिरसा ने कहा कि विधानसभा सदन में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने अपनी सीट से खड़े होकर श्री गुरु तेग बहादुर जी के बारे में जो वक्तव्य दिया, वह अभद्र, शर्मनाक और मर्यादाहीन था। इस मामले में आतिशी के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज होना चाहिए, दिल्ली विधानसभा से तुरंत प्रभाव से उनकी सदस्यता रद्द होनी चाहिए और उन्हें जेल की सजा दी जाए। सिरसा ने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर का अपमान करने वालों का स्थान सदन नहीं, बल्कि तिहाड़ जेल होनी चाहिए।
मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि आतिशी ने जो किया उसे संज्ञान में लेते हुए उनकी सदस्यता को रद्द करना चाहिए। आतिशी ने श्री गुरु तेग बहादुर का अपमान करके सदन के साथ-साथ पूरा देश आहत किया है। देश की अखंडता को मजबूत करने के लिए हमारे गुरुओं ने पूरे परिवार के साथ अपनी शहादत दी लेकिन विपक्ष की नेता आतिशी द्वारा उनका मजाक उड़ाया गया।
इससे पहले विधानसभा की कार्यवाही आज शुरू होते ही भाजपा सदस्यों ने नेता प्रतिपक्ष आतिशी के सिख गुरुओं पर टिप्पणी को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। भाजपा सदस्यों ने आतिशी से माफी मांगने को लेकर सदन में प्रदर्शन किया। हंगामे को देखते ही अध्यक्ष ने सदन को पहले आधे घंटे के लिए स्थगित कर दिया। उसके बाद सदन की कार्यवाही जब दोबारा शुरू हुई तो भाजपा सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही गुरुवार तक के लिए स्थगित कर दिया।
कार्यवाही स्थगित होने के बाद भाजपा विधायकों ने आतिशी को माफी मांगने और उनपर कार्रवाई को लेकर विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया। भाजपा विधायकों ने विधानसभा परिसर स्थित महात्मा गांधी प्रतिमा के सामने बैठकर विरोध प्रदर्शन किया।
(इनपुट- हिंदुस्थान समाचार एजेंसी)

















