वेनेजुएला पर कार्रवाई के बाद अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के घर पर देर रात हमला हुआ है। हमला उनके ओहियो स्थित सिनसिनाटी आवास पर हुआ। उनके घर की खिड़कियां तोड़ दी गईं। हमले के समय वेंस और उनका परिवार मौजूद नहीं था। एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया है।
वेंस के घर पर हमला सुरक्षा में बड़ी सेंध है। अमेरिका के सीक्रेट सर्विस के एजेंट उनके घर पर पहुंचे और एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया, लेकिन उसकी पहचान उजागर नहीं की है। हालांकि प्राथमिक जांच में यह बात भी सामने आ रही है कि हमला करने वाला वेंस के घर में नहीं घुसा था।
वेनेजुएला में चार अमेरिकी अब भी हिरासत में
एक वकील के अनुसार, वेनेजुएला में कम से कम चार अमेरिकी हिरासत में हैं। अमेरिकी सरकार को पता है कि छुट्टियों से पहले वेनेजुएला में हिरासत में लिए गए कुछ अमेरिकी अभी भी वहीं हैं। सीनेटर क्रिस वैन होलेन ने कहा कि हमें हर उस अमेरिकी को वापस लाने के लिए काम करना चाहिए जिसे विदेश में गलत तरीके से हिरासत में लिया गया है।
वेनेजुएला मादुरो के साथ
फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, वेनेजुएला के एक उच्च अधिकारी ने रविवार को कहा कि देश मादुरो के साथ है। एक रिकॉर्डिंग में गृहमंत्री डियोसडाडो कैबेलो ने कहा कि क्रांतिकारी ताकत की एकता पूरी तरह से पक्की है। देश के राष्ट्रपति मादुरो हैं और वही रहेंगे। इस बीच उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने देश का अंतरिम नेतृत्व संभाल लिया है।
विपक्ष मना रहा जश्न
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, वेनेजुएला अनिश्चित दौर में प्रवेश कर रहा है। राजधानी और दूसरे शहरों की सड़कों में सन्नाटा है। सुरक्षा बलों की तैनाती से लोग बाहर निकलने से डर रहे हैं। लोग जरूरी सामान और दवाएं जुटा रहे हैं। विपक्ष चुपचाप जश्न मना रहा है। तेल के बड़े केंद्र माराकाइबो शहर में किराने की दुकानों के बाहर लंबी कतार लगी हुई है। यह अनिश्चितता हर जगह फैली हुई है।
अमेरिका ने कोलंबिया को सैन्य कार्रवाई की चेतावनी दी
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला में सैन्य अभियान के बाद कई देशों को धमकी दी है। उन्होंने इशारा किया है कि कोलंबिया में कभी भी सैन्य कार्रवाई हो सकती है। उन्होंने मैक्सिको को भी चेतावनी दी है। ट्रंप ने कहा कि वह वेनेजुएला के बेपटरी हो चुके तेल उद्योग को उबारने के लिए अमेरिकी कंपनियों पर भरोसा कर रहे हैं।
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इशारा किया कि वह कोलंबिया में सैन्य कार्रवाई कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि मैक्सिको को ड्रग्स के मामले में ठीक से काम करना होगा। अमेरिका को ग्रीनलैंड की जरूरत है। राष्ट्रपति ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े तेल भंडार जितने आकर्षक लगते हैं, वे अमेरिकी कंपनियों के लिए फायदे से ज्यादा जोखिम भरे हो सकते हैं।

















