नई दिल्ली: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ लिया गया है। दूसरी तरफ वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने मादुरो के जिंदा होने के सबूत मांगे हैं। उनका कहना है कि मादुरो और उनकी पत्नी के बारे में कुछ भी अता-पता नहीं है। अमेरिका के अटॉर्नी जनरल का कहना है कि न्यूयॉर्क के सदर्न डिस्ट्रिक्ट में मादुरो और उनकी पत्नी के खिलाफ कानूनी मामला चलेगा। दरअसल वेनेजुएला वामपंथी देश है। मादुरो भी वामपंथी हैं। तेल और घुसपैठियों के साथ ही अमेरिका की वेनेजुएला से लड़ाई विचारधारा की भी है। इसके साथ ही अमेरिका ने मादुरो पर कई तरह के आरोप लगाए हैं। जिनमें नार्को-टेररिज्म साजिश, कोकीन इम्पोर्ट साजिश और अमेरिका के खिलाफ मशीगन और खतरनाक डिवाइस रखने की साजिश शामिल हैं।
3 जनवरी को अमेरिका ने वेनेजुएला की राजधानी काराकास में कई धमाके किए। कुछ ही देर बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की कि वेनेजुएला पर बड़े पैमाने का हमला किया गया है। लंबे समय तक शासन करने वाले राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को गिरफ्तार कर देश से बाहर ले जाया गया। मादुरो के खिलाफ अमेरिका में नार्को आतंकवाद सहित कई केस दर्ज कर लिए गए हैं। दूसरी तरफ, रूस और कोलंबिया ने वेनेजुएला पर अमेरिकी हमलों की निंदा की है।
मादुरो ने तलवार लहराते हुए अमेरिका को दांत तोड़ने की धमकी दी थी
दरअसल अमेरिका और वेनेजुएला के बीच का संघर्ष काफी पुराना है। लेकिन करीब 23 दिन पहले वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने अमेरिका को दांत तोड़ने की धमकी दी थी। उन्होंने एक भाषण के दौरान भरी सभा में तलवार लहराते हुए अपने देशवासियों से कहा था कि जरूरत पड़ने पर अमेरिका के दांत तोड़ने के लिए तैयार रहें। यह धमकी उन्होंने तब दी थी तब वेनेजुएला के कोस्ट के पास से उसका एक तेल वाला शिप अमेरिका ने अपने कब्जे में ले लिया था। मादुरो ने तब आरोप लगाया था कि अमेरिका ने समुद्री लुटेरों जैसा काम किया है।
यूक्रेन ने 80 से ज्यादा ड्रोन दागे, रूस ने 64 मार गिराए… पुतिन बोले- इस साल भी जारी रहेगी लड़ाई
मादुरो की गिरफ्तारी पर ट्रंप ने क्या कहा?
मादुरो के पकड़ने जाने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ पर एक पोस्ट लिखी। जिसमें उन्होंने कहा कि अमेरिका ने वेनेजुएला और उसके लीडर राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के खिलाफ बड़ा और सफल हमला किया। मादुरो और उसकी पत्नी को पकड़कर देश से बाहर लाया जा चुका है। यह ऑपरेशन अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों की मदद से चलाया गया। अमेरिका ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो के सिर पर 450 करोड़ रुपये का इनाम रखा हुआ था। लंबे समय से अमेरिका मादुरो पर अलग-अलग तरह के आरोप लगाता रहा है।
ट्रंप ने लाइव देखा मादुरो को पड़ने वाली रेड को… कहा- यह टेलीविजन शो देखने जैसा था
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि इस ऑपरेशन के दौरान कुछ सैनिक घायल हुए लेकिन किसी भी अमेरिकी की जान नहीं गई। शनिवार को ऑपरेशन के कुछ घंटे बाद फॉक्स न्यूज से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि उन्होंने तानाशाह नेता को पकड़ने के लिए हुई रेड को लाइव देखा। उन्होंने कहा कि यह एक टेलीविजन शो देखने जैसा था। उन्होंने कहा कि मैंने इसे सचमुच ऐसे देखा जैसे मैं कोई टेलीविजन शो देख रहा हूं।















