वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने 22, 23 एवं 25 अक्टूबर 2026 को वाराणसी में प्रस्तावित एयर शो की तैयारियों के दृष्टिगत नमोघाट, राजघाट और भैसासुर घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों की वर्तमान व्यवस्थाओं, आमजन के आवागमन, प्रवेश एवं निकास मार्गों, पार्किंग और यातायात प्रबंधन का जायजा लिया।
एयर शो में लगभग 30 लाख लोगों की संभावित भीड़ के मद्देनजर पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को व्यापक भीड़ प्रबंधन कार्ययोजना तैयार करने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग और होल्डिंग एरिया निर्धारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नमोघाट के आसपास पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने तथा वाहनों के अव्यवस्थित खड़े होने से यातायात प्रभावित न होने देने पर विशेष जोर दिया।
पुलिस आयुक्त ने भीड़ के दबाव को देखते हुए वैकल्पिक मार्ग और आवश्यक यातायात डायवर्जन की व्यवस्था पहले से तैयार रखने को कहा। साथ ही सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और अन्य तकनीकी संसाधनों के माध्यम से लगातार निगरानी करने तथा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए।
उन्होंने आपातकालीन मार्गों और इमरजेंसी एग्जिट को सुचारु रखने, क्यू मैनेजमेंट की प्रभावी व्यवस्था करने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति में लोगों को सुरक्षित एवं शीघ्र बाहर निकालने के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा। पुलिस आयुक्त ने एयर शो से पूर्व सभी व्यवस्थाओं की पुनः समीक्षा करने, मॉक ड्रिल आयोजित करने और कमियों को समयबद्ध तरीके से दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर आयोजन को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन वैभव बांगर, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा सहित संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।














