
सनातन पांडे, सपा सांसद
उत्तर प्रदेश के बलिया से समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडे ने पुलवामा आतंकी हमले को बीजेपी की साजिश बताया। उन्होंने टाउन हॉल में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि वह अपने बयान पर कायम हैं कि आज तक यह स्पष्ट नहीं किया गया कि पुलवामा हमले में इस्तेमाल किया गया आरडीएक्स कहां से आया था। भाजपा ने सनातन पांडे के विवादास्पद बयान की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को शर्म आनी चाहिए और उन्हें पाकिस्तान चले जाना चाहिए।
सपा नेता सनातन पांडे ने बुधवार (31 दिसंबर) को समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, “उनको (बीजेपी) लगा कि हम झूठ बोलकर आए हैं। सरकार अब नहीं रहेगी। मैं आज भी दोहराता हूं कि पुलवामा भाजपा की एक साजिश का हिस्सा था। यह विदेशी साजिश नहीं है। आज उनकी सरकार 11 साल से सत्ता में है, लेकिन वह आज तक नहीं बता पाए हैं कि आरडीएक्स कहां से आया था। भारतीय जनता पार्टी साजिशकर्ता है।”
जब देश में ऐसे लोग हों तो बाहरी दुश्मनों की जरूरत नहीं
जम्मू-कश्मीर के पूर्व डीजीपी शेष पॉल वैद्य ने सनातन पांडे के बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “भारत को बाहरी दुश्मनों की जरूरत नहीं है, जब हमारे पास संसद के अंदर समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडे जैसे लोग बैठे हैं। पुलवामा आतंकी हमले को अंदर का काम कहना विरोध नहीं, बल्कि शर्म की बात है। पाकिस्तानी आतंकवादियों के कारण देश के 40 बहादुर सैनिक वीरगति को प्राप्त हो गए थे। पाकिस्तान के मंत्री फवाद चौधरी ने खुद अपनी संसद में यह बयान दिया था कि पुलवामा हमला पाकिस्तान ने करवाया है। यह हमारी इमरान खान सरकार की अचीवमेंट है। पूरी दुनिया ने उसके बयान को सुना था।” उन्होंने यह भी कहा कि एनआईए ने जांच कर 14 हजार पेज की चार्जशीट कोर्ट में फाइल की थी। इसमें जैश-ए-मोहम्मद (जेइएम) के मुखिया मौलाना मसूद अजहर और उसके भाई का नाम आया था। क्या सनातन पांडे एनआईए से भी ज्यादा जानते हैं? इनके पास क्या सबूत है कि इसे बीजेपी ने करवाया है? ये गैर- जिम्मेदाराना बयान देते हैं, जिसका फिर पाकिस्तान इस्तेमाल करता है। अगर इनमें थोड़ी भी शर्म है तो ये अपना मुंह दोबारा न खोलें।
सपा को समाप्तवादी पार्टी बना रहे नेता: संजय निषाद
यूपी सरकार में मंत्री संजय निषाद ने सनातन पांडे के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, “बयानबाजी से समाजवादी पार्टी को ये नेता लोग समाप्तवादी पार्टी बना रहे हैं। यह सपा मुखिया को सोचना चाहिए कि किस बयान से देश पर क्या प्रभाव पड़ेगा, क्या सच्चाई है और क्या नहीं? किसी भी घटना पर सिर्फ दो लोग बयान देने के जिम्मेदार होते हैं। एक वह, जिसके साथ घटना होती है और दूसरा वह, जो जांच करता है। जांच के बाद प्रामाणिक दस्तावेज के आधार पर बयानबाजी करने का इन लोगों को अधिकार है। अगर तीसरा कोई बयानबाजी करता है तो यह गुमराह और भ्रम में डालना है। जहां राष्ट्र की बात आए तो वहां छोटी-मोटी कमी में भी हमें राष्ट्र के साथ खड़ा होना चाहिए।” वहीं, बीजेपी नेता प्रतुल शाहदेव ने सनातन पांडे के बयान की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि ऐसे लोगों को शर्म आनी चाहिए। साथ ही उन्होंने सपा सांसद को नसीहत दी है कि वे पाकिस्तान चले जाएं।
पहले भी सपा नेता पुलवामा हमले पर दे चुके हैं विवादास्पद बयान
इससे पहले भी समाजवादी पार्टी के नेता सुर्खियों में बने रहने के लिए पाकिस्तान के समर्थन में विवादित बयान दे चुके हैं। मार्च 2019 में एक कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के करीबी राम गोपाल यादव ने कहा था कि वोट के लिए पुलवामा आतंकी हमले में जवान मार दिए गए। राम गोपाल के शब्दों में, “पैरामिलिट्री फोर्सेज सरकार से दुखी हैं। वोट के लिए जवान मार दिए गए। जम्मू-श्रीनगर के बीच में चेकिंग नहीं थी। साधारण बसों से जवानों को भेज दिया गया। यह साजिश थी। अभी नहीं कहना चाहता, जब सरकार बदलेगी तो इसकी जांच होगी और बड़े-बड़े लोग फंसेंगे।”
गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में 14 फरवरी 2019 को सुरक्षाबलों की बस को आंतकियों ने निशाना बनाया था। इस हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान बलिदान हुए थे।