नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर ही नहीं बल्कि पहाड़ों में भी पिछले कुछ दिनों में काफी ठंड बढ़ गई है। मौसम ने अचानक करवट ली है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में नये साल पर बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। दूसरी तरफ सिलीगुड़ी शहर समेत पूरे दार्जिलिंग में कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। घने कोहरे ने पूरे इलाके को अपने आगेश में ले लिया है। सुबह सूरज देर से निकलने के कारण आम जनजीवन पर भी ठंड का असर साफ नजर आ रहा है।
स्थानीय लोगों के साथ ही टूरिस्ट भी ठंड का आनंद ले रहे हैं। उत्तर बंगाल के विभिन्न पर्यटन स्थलों की सैर पर निकले पर्यटक भी इस मौसम में सिलीगुड़ी पहुंच रहे हैं। साल के अंतिम दौर में ठंड की दस्तक के साथ सिलीगुड़ी शहर एक नए रूप में नजर आ रहा है।
1 जनवरी 2026 को जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में बर्फबारी की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार से जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी होने की संभावना है और ऊंचे इलाकों में 1 जनवरी तक ताजा बर्फ गिरने की उम्मीद है। 30 दिसंबर को मौसम आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और शाम के समय कई स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है। 31 दिसंबर से 1 जनवरी तक ऊंचे इलाकों में मध्यम बर्फबारी हो सकती है।
जोजिला-द्रास मार्ग और सियाचिन क्षेत्र में भी बर्फबारी अधिक होने की आशंका है। कारगिल और जांस्कर क्षेत्रों के कुछ हिस्सों के साथ-साथ लेह जिले के ऊंचे इलाकों में भी हल्की से मध्यम बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि जोजिला में 10 इंच तक हिमपात हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 1 जनवरी की दोपहर से मौसम में सुधार होने की संभावना है और उसके बाद 12 जनवरी तक कोई बड़ी मौसमी गतिविधि नहीं होगी।
Pangot Hill Station: नए साल पर नैनीताल नहीं, पंगोट घूमिये; शिमला से भी सुंदर है ये जगह
राजस्थान में 31 दिसंबर को बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 31 दिसंबर को राज्य के 11 जिलों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि एक जनवरी को घने कोहरे के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 31 दिसंबर को बीकानेर, जोधपुर, अजमेर संभाग के साथ शेखावाटी क्षेत्र के कुछ जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। एक जनवरी को बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में भी बारिश की गतिविधियां हाे सकती हैं।
उत्तराखंड में नये साल पर हो सकती है बर्फबारी
नए साल से उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा-बर्फबारी संभव है। मैदानी क्षेत्रों में कोहरा छाया रह सकता है। बर्फबारी 3200 मीटर व उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रो में हो सकती है। राज्य के शेष जनपदों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। ज्यादातर मैदानी क्षेत्रों में मध्यम से घना कोहरा छाया रहने का अनुमान है।
हिमाचल में भी 31 दिसंबर से जनवरी तक बर्फबारी की उम्मीद
हिमाचल प्रदेश के कई लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में में 31 दिसंबर और 1 जनवरी तक बर्फबारी की उम्मीद है। इममें शिमला, कुफरी, नारकंडा, मनाली, धर्मशाला, डलहौजी, कुल्लू और लाहौल-स्पीति के रोहतांग क्षेत्र शामिल हैं। मध्य-पहाड़ी और ऊंची-पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। जबकि इस अवधि में मैदानी इलाकों में भी हल्की बारिश की उम्मीद है।

















