आज के समय में मोमोज बहुत ही लोकप्रिय स्ट्रीट फूड बन चुके हैं। बच्चों से लेकर बड़ों तक, लगभग हर कोई मोमोज खाना पसंद करता है। बाजार में आपको कई तरह के मोमोज मिल जाते हैं, जैसे वेज, नॉनवेज, फ्राइड मोमोज आदि। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि रोज-रोज या ज्यादा मात्रा में मोमोज खाना हमारी सेहत के लिए कितना नुकसानदायक हो सकता है? आइए इसके नुकसान जानते हैं-
पाचन से जुड़ी समस्या
मोमोज मैदे से बनाए जाते हैं। मैदा पचाने में भारी होता है और इससे गैस, कब्ज, पेट दर्द और अपच जैसी दिक्कतें हो सकती हैं। जिन लोगों का पाचन कमजोर होता है, उनके लिए मोमोज और भी ज्यादा नुकसान कर सकते हैं।
फूड पॉइजनिंग
ज्यादातर मोमोज ठेलों या स्ट्रीट फूड दुकानों पर बनते हैं, जहां साफ-सफाई का खास ध्यान नहीं रखा जाता। गंदे हाथ, गंदा पानी और खुले में रखी सब्जियां बीमारियों का कारण बन सकती हैं। इससे फूड पॉइजनिंग, दस्त और उल्टी जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
यह भी पढ़ें- रोजाना खाली पेट 1 आंवला खाने के फायदे
पोषण की कमी
मोमोज में जरूरी पोषक तत्व बहुत कम होते हैं। इनमें न तो पर्याप्त प्रोटीन होता है और न ही फाइबर। लगातार मोमोज खाने से शरीर को जरूरी विटामिन और मिनरल नहीं मिल पाते, जिससे कमजोरी और थकान महसूस हो सकती है। इसके अलावा, मोमोज के साथ मिलने वाली तीखी चटनी भी नुकसान पहुंचाती है। यह चटनी ज्यादा तीखी और केमिकल से बनी होती है, जो पेट की अंदरूनी परत को नुकसान पहुंचा सकती है। इससे एसिडिटी और जलन की समस्या बढ़ जाती है।
वजन बढ़ने का खतरा
तले हुए मोमोज़ और उनके साथ मिलने वाली तीखी चटनी में कैलोरी और फैट अधिक होता है। नियमित सेवन मोटापे का कारण बन सकता है।
इम्यून सिस्टम पर असर
लगातार जंक फूड खाने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो सकती है, जिससे बार-बार बीमार पड़ने की संभावना बढ़ जाती है।
(इस लेख में दी गई जानकारी और सुझावों को अमल में लाने से पहले पाठक किसी डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।)













