कानपुर । श्रद्धालुओं को माघ मेला तक लाने ले जाने के लिए कानपुर परिक्षेत्र से इस बार 270 माघ मेला स्पेशल बसें चलाई जाएंगी, जो चौबीसों घंटे सेवा में रहेंगी। समय पर बसें मिलें, इसको लेकर भी योगी सरकार ध्यान दे रही है। इस बार 6 स्नान पर्वों पर इन बसों के जरिए श्रद्धालु सुगम आवागमन कर सकेंगे। कानपुर रोडवेज ने यात्रियों की भारी भीड़ को संभालने के लिए भी पुख्ता इंतजाम किए हैं।
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम, कानपुर परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक महेश कुमार ने बताया कि कानपुर परिक्षेत्र से माघ मेले के लिए 270 बसों का संचालन यात्रियों की उपलब्धता के अनुसार किया जाएगा।
क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बसों का मुख्य केंद्र झकरकटी बस अड्डा होगा। यात्रियों की सुविधा के लिए संचालन को अलग-अलग डिपो में बांटा गया है। इसके तहत, माती डिपो (कानपुर देहात), फतेहपुर, उन्नाव डिपो की बसों को भी प्रयागराज रूट पर लगाया गया है।
केवल लंबी दूरी की बसें ही नहीं, बल्कि 50 विशेष शटल बसें भी चलाई जाएंगी। ये शटल बसें प्रयागराज के बाहरी स्टैंड से श्रद्धालुओं को संगम क्षेत्र के निकटतम स्थानों तक छोड़ने और वापस लाने का काम करेंगी, ताकि बुजुर्गों और बच्चों को पैदल न चलना पड़े।
परिवहन विभाग के मुताबिक, सभी बसों की कंडीशन अच्छी स्थिति में रहेगी और इन बसों में फॉग लैंप, हेडलाइट, विंडो कैचर, हॉर्न सीटों की दशा व साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा और सभी बसों में रूट के हिसाब से मेला स्टीकर लगाए जाएंगे जिससे कि श्रद्धालुओं में भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो और आसानी से वह अपने क्षेत्र की बसों में बैठ सकें।

















