अयोध्या (हि.स.) । अयोध्या के बाद कैरिबियन के दक्षिणी द्वीपीय देश त्रिनिदाद और टोबैगो में अब मिनी अयोध्या के रूप में बसा कर भव्य राम मंदिर का निर्माण किया जाएगा। यह जानकारी जयपुर फुट यूएसए के चेयरमैन और एनआरआई प्रेम भंडारी ने यहां मीडिया काे दी।
रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या पहुंचे एनआरआई प्रेम भंडारी
बता दें कि गुरुवार को एनआरआई प्रेम भंडारी रामलला के दर्शन-पूजन के लिए अयोध्या पहुंचे थे। उन्हाेंने बताया कि त्रिनिदाद में बनने वाले राम मंदिर के लिए अयोध्या में विराजमान रामलला की प्रतिमा से मिलती-जुलती प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
प्रभु श्रीराम की प्रतिमा पहले ही पहुंची त्रिनिदाद
वहीं इसके लिए प्रभु श्रीराम की प्रतिमा पहले ही वहां पहुंच चुकी है। उन्हाेंने बताया कि मंदिर उत्तरी अमेरिका और कैरेबियाई देशों में रहने वाले राम भक्तों के लिए आध्यात्मिक केंद्र बनेगा।
स्थानीय सरकार और 40 हिंदू संगठनों का सहयोग
बता दें यह निर्माण परियोजना स्थानीय सरकार के सहयोग से संचालित होगी, जिसमें लगभग 40 हिंदू संगठन सहभागी हैं।
भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा को मिलेगी वैश्विक पहचान
जानकारी के अनुसार स्थानीय सरकार मंदिर परिसर को ‘मिनी अयोध्या’ के रूप में विकसित कर भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा को वैश्विक पहचान के तौर पर स्थापित करेगी।

















