कीर्ति आजाद लोकसभा ई सिगरेट: ये साहब माननीय सांसद हैं। इनसे अपेक्षा की जाती है कि वे जनता के लिए कार्य करेंगे। लेकिन ये तो देश की पवित्र संस्था संसद में भी धूम्रपान करने से बाज नहीं आ रहे हैं। लोकसभा के शीतकालीन सत्र में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद और पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद पर सदन के अंदर ई-सिगरेट पीने का आरोप लगा है। भाजपा ने इसको लेकर हमला बोला है और एक वीडियो भी शेयर किया है।
कैसे शुरू हुआ पूरा मामला
पिछले हफ्ते लोकसभा में क्वेश्चन ऑवर के दौरान भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने बिना नाम लिए एक टीएमसी सांसद पर आरोप लगाया कि वह कई दिनों से सदन के अंदर ई-सिगरेट पी रहा है। ठाकुर ने इसे गंभीर मामला बताते हुए जांच की मांग की। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सांसदों से सदन की गरिमा बनाए रखने की अपील की और ठाकुर से लिखित शिकायत देने को कहा। इसके बाद ठाकुर ने शुक्रवार को स्पीकर को लिखित में शिकायत सौंपी।
वीडियो में क्या दिख रहा है
भाजपा द्वारा शेयर किए गए 35 सेकंड के वीडियो में कीर्ति आजाद सदन में बैठे नजर आ रहे हैं। वे बार-बार कैमरे की तरफ देखते हैं, फिर अपनी हथेली मुंह के पास ले जाते हैं और वापस हटा लेते हैं। वीडियो में ई-सिगरेट या धुआं साफ नहीं दिख रहा, लेकिन भाजपा का दावा है कि आजाद हथेली में छिपाकर ई-सिगरेट पी रहे थे। यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया। कई न्यूज रिपोर्ट्स में इसे संसद की कार्यवाही का बताया गया है, लेकिन इसकी असलियत की पुष्टि नहीं हुई है।
भाजपा ने क्या कहा
अमित मालवीय ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि अनुराग ठाकुर जिस टीएमसी सांसद की बात कर रहे थे, वे कीर्ति आजाद हैं। उन्होंने कहा, “ऐसे लोगों के लिए नियम-कानून का कोई मतलब नहीं। सदन में हथेली में ई-सिगरेट छिपाकर पीने की हिम्मत देखिए।” मालवीय ने आगे जोड़ा कि धूम्रपान व्यक्तिगत रूप से गैरकानूनी नहीं हो सकता, लेकिन संसद में यह बिल्कुल अस्वीकार्य है। भाजपा ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी से अपने सांसद के इस व्यवहार पर सफाई मांग की है। अन्य भाजपा नेता जैसे प्रदीप भंडारी ने भी इसे लोकतंत्र के मंदिर का अपमान बताया।
टीएमसी ने साधी चुप्पी
अभी तक कीर्ति आजाद या टीएमसी की ओर से इस वीडियो पर कोई आधिकारिक जवाब नहीं आया है। कुछ रिपोर्ट्स में पहले कीर्ति आजाद ने धूम्रपान संबंधी आरोपों पर कहा था कि कई सांसद ऐसा करते हैं, लेकिन इस ताजा वीडियो पर चुप्पी है।
पहले भी उठे थे ऐसे आरोप
यह पहला मौका नहीं जब टीएमसी सांसदों पर संसद परिसर में धूम्रपान का आरोप लगा हो। हाल ही में टीएमसी के एक अन्य सांसद सौगता रॉय पर भी ऐसा आरोप था, जिस पर केंद्रीय मंत्रियों ने टोका था। ऐसे मामलों में स्पीकर ने हमेशा सदन की मर्यादा बनाए रखने की बात कही है।













