UIDAI (भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण) ने अपने नए आधार ऐप में एक अहम अपडेट जारी किया है। इस अपडेट के बाद अब लोग अपने आधार कार्ड में सिर्फ मोबाइल नंबर ही नहीं, बल्कि घर का पता भी आसानी से अपडेट कर सकते हैं। पहले यह सुविधा केवल आधार सेंटर जाकर ही मिलती थी, लेकिन अब यह काम मोबाइल ऐप से घर बैठे किया जा सकता है।
हाल ही में UIDAI ने इस ऐप में मोबाइल नंबर अपडेट करने का फीचर जोड़ा था। अब उसी कड़ी में पता अपडेट करने का विकल्प भी शामिल कर दिया गया है। UIDAI ने कुछ दिन पहले अपने X (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर इस फीचर की जानकारी दी थी। ऐप को प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से अपडेट करने के बाद यह सुविधा अपने आप दिखने लगती है। UIDAI के मुताबिक, आने वाले समय में इस ऐप में नाम और ईमेल अपडेट करने का फीचर भी जोड़ा जाएगा, जिस पर फिलहाल काम चल रहा है। इसका मकसद लोगों को आधार से जुड़े कामों के लिए बार-बार आधार सेंटर जाने की परेशानी से बचाना है।
यह भी पढ़ें- आधार ऐप में My Contact Card क्या है, कैसे काम करता है और क्या है फायदे
ऐप से आधार में पता कैसे बदलें- अगर आप इस ऐप के जरिए अपने आधार में पता बदलना चाहते हैं, तो सबसे पहले प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से ऐप को अपडेट करें। इसके बाद ऐप खोलें और होम स्क्रीन पर नीचे से ऊपर की ओर स्वाइप करें। थोड़ा नीचे जाने पर आपको “Update My Aadhaar” का विकल्प दिखाई देगा, उस पर टैप करें। अब सामने आने वाले ऑप्शन्स में से “Address Update” चुनें। इसके बाद “Using Your Documents” के विकल्प पर क्लिक करें। अब ऐप आपको बताएगा कि इस प्रक्रिया के लिए 75 रुपये फीस लगेगी और अपडेट पूरा होने में लगभग 30 दिन लग सकते हैं। इसके बाद आपको अपने नाम पर मौजूद किसी पते के प्रमाण का चयन करना होगा, जैसे बिजली बिल, पानी का बिल या फोन बिल फिर नए पते की जानकारी भरें, फेस ऑथेंटिकेशन पूरा करें और फीस का भुगतान कर दें। इसके बाद आपकी रिक्वेस्ट सबमिट हो जाएगी।
ऐप के अन्य फायदे- इस आधार ऐप में पहले से ही कई उपयोगी फीचर्स मौजूद हैं। लोग अब अपना आधार QR कोड के जरिए डिजिटल रूप में शेयर कर सकते हैं। बायोमेट्रिक लॉक और अनलॉक, हालिया ट्रांजैक्शन, हिस्ट्री देखने जैसे फीचर्स भी इसमें दिए गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरकार भविष्य में आधार कार्ड की फोटोकॉपी के इस्तेमाल पर रोक भी लगा सकती है और डिजिटल आधार को बढ़ावा दिया जाएगा।











