एसटीएफ को अपराधियों द्वारा घटनाएं करने की सूचना प्राप्त हो रहीं थी। इस संबंध में STF की अलग-अलग यूनिट्स को इंटेलिजेंस इकट्ठा करने और एक्शन लेने का निर्देश दिया गया। इसी दौरान एसटीएफ को सूचना मिली कि मादक पदार्थ की तस्करी करने वाली नसरीन लखनऊ के ठाकुर क्षेत्र में मौजूद है। एसटीएफ ने 50 हजार की इनामी अभियुक्ता नसरीन बानों को लखनऊ के ठाकुरगंज से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्ता ने पूछताछ पर बताया कि उसका अवैध मादक पदार्थो की तस्करी करने का एक गिरोह है, जो जनपद लखनऊ एवं जनपद बहराईच के आस-पास के जनपदों में अवैध मादक पदार्थो (ब्राउन सुगर) की तस्करी करता है। यह पिछले 6 वर्षों से यह कार्य कर रही है। मणिपुर राज्य से क्रूड (कच्चा माल) मंगाकर उससे ब्राउन शुगर तैयार करती है, जिसे गिरोह के सदस्यों के माध्यम से सप्लाई कराती है। इसके गिरोह के एक सदस्य को एसटीएफ टीम द्वारा गत 17 अक्टूबर 2025 को 3.440 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ (ब्राउन शुगर) के साथ जनपद बहराइच से गिरफ्तार किया था। इस अभियोग में नसरीन बानों का नाम भी प्रकाश में आया था, जिसके गिरफ्तारी हेतु 50 हजार रूपये का पुरस्कार घोषित था।
















