गुरुग्राम में एक युवक द्वारा गाय को चिकन मोमोज खिलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद लोगों में भारी गुस्सा फैल गया। यह मामला सामने आते ही कई हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता सक्रिय हो गए और युवक की तलाश शुरू कर दी। सोमवार को उन्होंने आरोपी युवक को पकड़ लिया। बताया गया कि युवक की पिटाई भी की गई और इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पूरा मामला अब पुलिस की जांच के अधीन है।
कौन है आरोपी और क्या है पूरा मामला- आरोपी की पहचान 28 साल के ऋतिक चंदाना के रूप में हुई है, जो गुरुग्राम की न्यू कॉलोनी का रहने वाला है। ऋतिक सोशल मीडिया पर सक्रिय रहता है और कई यूट्यूब व इंस्टाग्राम चैनल भी चलाता है। उसके पिता दुकान चलाते हैं और माँ एक निजी अस्पताल में डॉक्टर हैं। ऋतिक ने दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) से इंग्लिश ऑनर्स में बीए किया है। मामले की शुरुआत 2 दिसंबर को हुई, जब ऋतिक सेक्टर-56 स्थित हुड्डा मार्केट में एक रेहड़ी पर चिकन मोमोज खा रहा था। उसने कुछ मोमोज खुद खाए और बाकी एक गाय के सामने रखकर उसे खिलाना शुरू कर दिया। इस पूरे घटनाक्रम को उसने वीडियो में रिकॉर्ड करवाया और फिर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो अपलोड होते ही लोगों ने इसे तेजी से शेयर करना शुरू कर दिया और इसका विरोध भी तेज हो गया।
पकड़े जाने के बाद युवक का दावा- “मेरा ब्रेनवॉश किया गया”- जब हिंदू संगठनों के लोगों ने आरोपी को पकड़ा, तो उसने वहां मौजूद लोगों के सामने कहा कि उसे कुछ लोगों ने उकसाया था। उसका दावा है कि उसे पैसों का लालच देकर ऐसा करने को कहा गया था और उसका ब्रेनवॉश किया गया था। उसने यह भी बताया कि वीडियो बनाकर वायरल करने के लिए उसे प्रोत्साहित किया गया था ताकि उसे सोशल मीडिया पर अधिक फॉलोअर्स मिल सकें। पकड़े जाने के बाद ऋतिक ने अपनी गलती स्वीकार की और कहा कि उसका ऐसा कोई इरादा नहीं था जिससे किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हों। उसने कहा कि वह सिर्फ लालच और दबाव में आकर यह काम कर बैठा। युवक ने आगे से ऐसी गलती दुबारा न करने की भी बात कही। जब आरोपी युवक को पकड़कर थाने लाया गया, तो हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने धार्मिक भावनाएं भड़काने का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

















