दिसंबर का महीना आते ही टैक्स, डॉक्यूमेंट अपडेट और सरकारी योजनाओं से जुड़े कई जरूरी कामों की डेडलाइन पास आने लगती है। अगर आप पूरे साल इन कामों को टालते रहे हैं, तो अब सचेत होने का समय है। कई काम ऐसे हैं जिनकी आखिरी तारीख 31 दिसंबर है। अगर इन्हें समय पर पूरा नहीं किया गया, तो इसका सीधा असर आपकी बैंकिंग सुविधा, इन्वेस्टमेंट, सरकारी लाभ और टैक्स प्रोफाइल पर पड़ सकता है। आइए आसान जानते हैं कि इस दिसंबर में कौन-कौन से काम किसी भी हाल में पूरे कर लेने चाहिए-
एडवांस टैक्स की तीसरी किस्त- अगर आपकी टैक्स देनदारी (TDS के बाद बचा टैक्स) 10,000 रुपये से ज्यादा बनती है, तो एडवांस टैक्स भरना जरूरी होता है। हर साल एडवांस टैक्स चार किस्तों में जमा किया जाता है, जिसमें तीसरी किस्त की डेडलाइन 15 दिसंबर है। अगर आप इस तारीख तक एडवांस टैक्स नहीं भरते हैं, तो आप पर ब्याज और पेनल्टी दोनों लग सकते हैं। इसलिए यह काम बिल्कुल भी न टालें। समय पर एडवांस टैक्स जमा करने से आगे चलकर ब्याज का बोझ कम होता है और फाइलिंग भी आसान रहती है।
वित्तीय वर्ष 2024-25 का बिलेटेड ITR- जो लोग तय समय पर अपना ITR नहीं भर पाए थे, उन्हें सरकार ने 31 दिसंबर तक अतिरिक्त मौका दिया है। इस तारीख तक आप बिलेटेड रिटर्न भर सकते हैं। इसके लिए कुछ लेट फीस देनी होती है- 5 लाख से कम आय वालों के लिए: ₹1,000 लेट फीस,5 लाख से ज्यादा आय वालों के लिए: ₹5,000 लेट फीस। अगर आप 31 दिसंबर के बाद भी बेलिटेड ITR नहीं भरते, तो फिर उसी वित्तीय वर्ष के लिए आगे मौका नहीं मिलता। इसका मतलब यह है कि आप अपने टैक्स रिफंड, लोन प्रोसेसिंग और वित्तीय रिकॉर्ड से जुड़े कई फायदे खो सकते हैं।
पैन-आधार लिंकिंग- जिन लोगों का आधार कार्ड 1 अक्टूबर 2024 या उससे पहले बना है, उनके लिए PAN को Aadhaar से लिंक करना अनिवार्य है। सरकार ने इस काम की डेडलाइन 31 दिसंबर 2025 तय की है, लेकिन जितना जल्दी कर दिया जाए, उतना बेहतर है। अगर आप लिंकिंग नहीं कराते, तो उसके गंभीर असर हो सकते हैं- आपका PAN निष्क्रिय (inactive) हो जाएगा, बैंकिंग सेवाएं बाधित हो सकती हैं, डिमैट और इन्वेस्टमेंट पर रोक लग सकती है,ITR फाइल करना मुश्किल हो जाएगा। PAN-Aadhaar लिंकिंग इनकम टैक्स ई-फाइलिंग पोर्टल या SMS से आसानी से की जा सकती है।
राशन कार्ड ई-KYC- यूपी, बिहार, राजस्थान समेत कई राज्यों ने राशन कार्ड की ई-KYC के लिए दिसंबर की डेडलाइन तय की है। अगर आप दिसंबर में ई-KYC नहीं करवाते हैं तो जनवरी 2026 से राशन मिलना बंद हो सकता है। यह एक सरल प्रक्रिया है, जो आप नजदीकी राशन दुकान या CSC सेंटर पर जाकर आसानी से करा सकते हैं।
पीएम आवास योजना (PMAY)- जो लोग अपना घर बनवाने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिलने वाली ₹2.5 लाख तक की सहायता लेना चाहते हैं, उनके लिए भी दिसंबर बेहद महत्वपूर्ण है। सरकार ने आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 दिसंबर कर दी है। इसके लिए आपको कुछ जरूरी दस्तावेज देने होते हैं- आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र। PMAY के तहत आवेदन ऑनलाइन किया जा सकता है। समय पर आवेदन करने से पात्र लोगों को सरकारी घर निर्माण सहायता का लाभ मिल सकता है।















