छत्तीसगढ़ के बीजापुर और दंतेवाड़ा जिले की सीमा पर स्थित गंगालूर इलाके में सोमवार को सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच भीषण मुठभेड़ जारी है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार, इस मुठभेड़ में 7 माओवादी मारे जा चुके हैं, जबकि 2 बहादुर जवान ने देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है। इसके अलावा एक अन्य जवान के घायल होने की भी सूचना है, जिसे उपचार के लिए सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है।
बीजापुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) जितेंद्र यादव ने बताया कि यह मुठभेड़ पिछले लगभग दो घंटे से लगातार चल रही है। उन्होंने कहा कि इलाके में भारी संख्या में माओवादी सक्रिय हैं और सुरक्षा बलों ने उन्हें घेर रखा है। गंगालूर का यह क्षेत्र लंबे समय से कुख्यात माओवादी कमांडर पापा राव के प्रभाव में माना जाता है। माना जा रहा है कि पापा राव और उसके सहयोगियों की मौजूदगी भी इस क्षेत्र में हो सकती है।
अधिकारियों का कहना है कि मुठभेड़ अब भी रुक-रुककर जारी है और मृत नक्सलियों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि अभी तक सभी इलाकों में तलाशी पूरी नहीं हो पाई है। सुरक्षा बलों ने चारों ओर कड़ी घेराबंदी कर रखी है ताकि कोई भी माओवादी भाग न सके। यह क्षेत्र नक्सल प्रभावित रहा है और पिछले कई वर्षों से यहां सुरक्षा बलों के अभियान लगातार जारी हैं।

















