अमृतसर। खुफिया इनपुट पर कार्रवाई करते हुए अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने पाकिस्तान से जुड़े एक क्रॉस-बॉर्डर हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस ऑपरेशन में पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 7 अत्याधुनिक पिस्तौल बरामद किए हैं, जिनमें 3 पीएक्स 5 पिस्टल और 4 .30 बोर की पिस्तौल शामिल हैं।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी पाकिस्तान में बैठे एक हैंडलर के इशारे पर काम कर रहे थे। यह हैंडलर व्हाट्सऐप के माध्यम से उन्हें हथियारों के पिकअप पॉइंट और डिलीवरी लोकेशन की जानकारी देता था। तस्करी का पूरा सिस्टम सीमा पार भेजे गए संदेशों पर आधारित था ताकि स्थानीय मॉड्यूल आसानी से हथियार उठा सके और आगे सप्लाई कर सके।
पुलिस जांच के अनुसार, यह मॉड्यूल ड्रोन या अन्य गुप्त तरीकों से भेजे गए हथियारों को सीमावर्ती इलाकों से उठाकर पंजाब के विभिन्न हिस्सों में पहुंचाने का काम कर रहा था। बरामद हथियार अत्यधुनिक श्रेणी के हैं, जो बड़ी वारदातों में इस्तेमाल किए जा सकते थे। पंजाब पुलिस के महानिदेशक गौरव यादव ने जानकारी सांझा की है कि दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और इस मॉड्यूल से जुड़े और नाम सामने आने की संभावना है।
दिल्ली के बाद पंजाब में दो आतंकी काबू
दूसरी ओर दिल्ली पुलिस की ओर से पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के इशारे पर, थाना सिटी गुरदासपुर पर 25 नवंबर की रात ग्रेनेड हमला करने वाले तीन आतंकियों को गिरफ्तार करने के बाद, सोमवार को गुरदासपुर पुलिस ने भी इसी गैंग से जुड़े दो गुर्गों को मुठभेड़ के बाद हेंड ग्रेनेड और दो पिस्तौल के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले से जुड़े दो अन्य आरोपितों को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार करने का दावा किया है।
गौरतलब है कि 25 नवंबर को थाना सिटी गुरदासपुर के बाहर रात करीब साढ़े सात बजे ग्रेनेड हमला किया गया था। हालांकि, उस समय पुलिस ने दावा किया था कि धमाका ट्रक का टायर फटने से हुआ था। इस ग्रेनेड हमले में तीन लोग जख्मी भी हुए थे। गुरदासपुर पुलिस का, ग्रेनेड हमले की बात लगातार नकारने के बीच रविवार को दिल्ली पुलिस ने इस मामले से जुड़े तीन आतंकियोंको गिरफ्तार करते हुए खुलासा किया था कि इन आरोपितों ने थाना सिटी के बाहर ग्रेनेड हमला किया था।
गुरदासपुर में दो आतंकी हुए काबू
इसके बाद रविवार-सोमवार की मध्यरात्रि को गुरदासपुर के थाना पुराना शाला के गांव दाउवाल के पास दो स्कूटी स्कूटी सवारों को पुलिस पार्टी ने नाके पर रुकने का इशारा किया। इस दौरान दोनों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई के दौरान पुलिस की गोलीबारी में दोनों जख्मी हो गए। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही एसपी जुगराज सिंह, पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंच गए। आरोपितों की पहचान नवीन और कुश, निवासी तलवाड़ा जिला होशियारपुर के तौर पर हुई है। आरोपितों से दो पिस्तौल और एक पी-86 चाइनीज ग्रेनेड बरामद हुआ है। बम निरोधक दस्ते ने ग्रेनेड को डिफ्यूज कर दिया। दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों गुरदासपुर के बाद, किसी अन्य जगह पर ग्रेनेड हमला करने की तैयारी में थे। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

















