आज के समय में आधार कार्ड हमारी पहचान का सबसे जरूरी दस्तावेज बन चुका है। बैंक खाता खोलने से लेकर मोबाइल नंबर लिंक करवाने तक, हर जगह आधार की जरूरत पड़ती है। लेकिन जैसे-जैसे इसकी जरूरत बढ़ी है, वैसे-वैसे आधार के दुरुपयोग (Misuse) के मामले भी सामने आए हैं। कई लोग आधार की कॉपी का गलत इस्तेमाल कर लेते हैं, जैसे आपके नाम पर नकली सिम लेना, बैंक अकाउंट खोलना, लोन लेना या फिर किसी सरकारी योजना का फायदा उठाना। इसीलिए यह जानना बहुत जरूरी है कि कहीं कोई आपके आधार कार्ड का गलत इस्तेमाल तो नहीं कर रहा।
अच्छी खबर यह है कि आप खुद आसानी से यह चेक कर सकते हैं कि आपके आधार का इस्तेमाल कहां और कब हुआ। UIDAI (Unique Identification Authority of India) ने ऐसी सुविधा दी है जिससे आप अपने आधार पर हुए सभी Authentication Activities देख सकते हैं। आप यह जानकारी UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट पर कुछ आसान स्टेप्स में पता कर सकते हैं-
सबसे पहले UIDAI की वेबसाइट पर जाएं https://myaadhaar.uidai.gov.in। “Aadhaar Authentication History” या Authentication Records का विकल्प चुनें। अपना आधार नंबर और कैप्चा कोड भरें। मोबाइल पर आए OTP को एंटर करें। अब आप पिछले 6 महीने में आपके आधार से हुए सभी वेरिफिकेशन रिकॉर्ड देख पाएँगे। यहाँ आपको तारीख, समय और किस तरह का ऑथेंटिकेशन हुआ (जैसे: बायोमेट्रिक, OTP, डेमोग्राफिक) सब दिखाई देगा। अगर आपको कोई ऐसी एंट्री दिखे जो आपने नहीं की, तो इसका मतलब हो सकता है कि किसी ने आपका आधार गलत तरीके से इस्तेमाल किया है।
यह भी पढ़ें- अब आधार कार्ड में पता, जन्मतिथि और नंबर नहीं दिखेंगे, जानिए कैसे होगा नया डिजाइन
अगर आधार का गलत इस्तेमाल दिखे तो क्या करें- UIDAI हेल्पलाइन 1947 पर शिकायत दर्ज कराएं। पास के आधार सेंटर में जाकर अपने बायोमेट्रिक्स लॉक करें। जिस बैंक या संस्था में गड़बड़ी दिखी हो, वहाँ तुरंत जानकारी दें। UIDAI भी इस पर जांच करता है और जरूरत पड़ने पर Unauthorized Activity को रोक देता है।
आधार सुरक्षित रखने के जरूरी टिप्स- आधार की फोटो कॉपी किसी को भी न दें। अनजान वेबसाइट या दुकानों पर आधार की जानकारी न शेयर करें। UIDAI की साइट से Aadhaar Lock/Unlock फीचर का इस्तेमाल करें। ईमेल और मोबाइल नंबर अपडेट रखें। बायोमेट्रिक लॉक करके रखें, जरूरत पड़ने पर ही अनलॉक करें।












