गत 25 नवंबर को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह श्री अरुण कुमार ने दिल्ली स्थित गुरुद्वारा सीसगंज साहिब में मत्था टेका। उन्होंने भाई सतीदास, भाई मतिदास एवं भाई दयाल के बलिदान स्थल पर भी मत्था टेका।
श्री अरुण कुमार ने शहीदी यात्रा के लिए जा रही बस को भी रवाना किया। यह बस दिल्ली के गुरुद्वारा सीसगंज साहिब से गुरुद्वारा आनंदपुर साहिब तक जाएगी। बस उन स्थानों से गुजरेगी जहां-जहां गुरु महाराज जी का शीश गया था।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, दिल्ली प्रांत के प्रांत संघचालक डॉ. अनिल अग्रवाल तथा प्रांत प्रचारक श्री विशाल भी उपस्थित थे।
सेहत के लिए दाैड़े युवा
गत दिनों आगरा के सदर स्टेडियम में बजरंग दल द्वारा ‘नशा-मुक्त युवा, विकसित भारत’ की अवधारणा के तहत ‘रन फॉर हेल्थ मैराथन’ का आयोजन किया गया। इसमें 1,800 युवाओं ने सहभागिता की। युवाओं ने नशा-मुक्ति का संदेश देने के लिए दौड़ लगाई। 10 किलोमीटर दौड़ के प्रथम विजेता बलराम सिंह रहे, जिन्हें 21,000 रु. का नकद पुरस्कार दिया गया।
दूसरे स्थान पर प्रशांत चौधरी और तीसरे स्थान पर अवधेश रहे। 5 किलोमीटर दाैड़ में प्रथम स्थान रानी, दूसरा स्थान अनु और तीसरा स्थान रूबी का रहा। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता थे बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक नीरज दौनेरिया। उन्होंने युवाओं से नशे के दुष्परिणामों पर चर्चा की और कहा कि समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति एक गंभीर राष्ट्रीय चुनौती है। इस कारण युवाओं के भविष्य और सामाजिक ताने-बाने को खतरा होता है।
एक सोची-समझी साजिश के तहत युवाओं को नशे में फंसाने का प्रयास किया जा रहा है, खासकर हिंदू समाज की बेटियों को, और इसलिए समाज को सजग रहने की आवश्यकता है। अंत में सभी को नशा-मुक्त भारत की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में वीरेंद्र अग्रवाल उपस्थित रहे। इस अवसर पर बजरंग दल प्रांत संयोजक दिग्विजय नाथ सहित अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।















