UIDAI ने हाल ही में आधार नामांकन और सुधार के नियम बदल दिए हैं। ये नए नियम “आधार (Enrolment and Update) Third Amendment Regulations, 2025” के तहत लागू हुए हैं। अब आधार अपडेट करना पहले से आसान हो गया है। नए नियमों के अनुसार, पहचान, पता, जन्मतिथि या रिश्ते के लिए जिन दस्तावेजों की जरूरत होती थी, उनकी सूची अपडेट कर दी गई है। ये नियम बच्चों, वयस्कों और बुजुर्गों सभी के लिए एक जैसे हैं।
नाम बदलने के लिए पासपोर्ट सबसे भरोसेमंद दस्तावेज है क्योंकि इसमें फोटो, नाम, जन्मतिथि और पता सब एक साथ होते हैं। इसके अलावा PAN कार्ड, वोटर ID, ड्राइविंग लाइसेंस, सरकारी पहचान पत्र और विवाह प्रमाण पत्र भी मान्य हैं। पता बदलने के लिए पासपोर्ट, बैंक पासबुक/स्टेटमेंट, बिजली-पानी-गैस के बिल (तीन महीने के अंदर), वोटर ID, राशन कार्ड, प्रॉपर्टी टैक्स की रसीद और किरायानामा (साथ में पुलिस वेरिफिकेशन या नॉटरी) इस्तेमाल किए जा सकते हैं। जन्मतिथि बदलने के लिए जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, 10वीं या 12वीं की मार्कशीट या फिजिकल PAN कार्ड काम आएगा (ई-पैन नहीं चलेगा)।
यह भी पढ़ें- UIDAI ने बदल दिए नियम, अब ऐसे होगा आधार में मोबाइल नंबर अपडेट
नए नियमों के अनुसार अब एक ही दस्तावेज जिसमें फोटो, नाम और पता सब हो, आधार अपडेट के लिए पर्याप्त है। पहले अलग-अलग दस्तावेज देने पड़ते थे। UIDAI के अनुसार सभी दस्तावेज साफ और मूल होने चाहिए। किसी तरह की कटिंग, ओवरराइटिंग या बदलाव होने पर आवेदन रिजेक्ट हो सकता है। आधार में कुछ जानकारी सीमित बार ही बदली जा सकती है जैसे- नाम दो बार और जन्मतिथि या जेंडर सिर्फ एक बार। सही दस्तावेज लेकर नजदीकी आधार केंद्र जाएं या myAadhaar पोर्टल से ऑनलाइन आवेदन करें। अपडेट के बाद अपनी जानकारी चेक करें और तय समय में नया आधार आपके पते पर पहुंच जाएगा।














