पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच चल रहा विवाद पाकिस्तान के कारण थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। ताजा मामले में पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के अंदर एक बार फिर से हवाई हमले करके निर्दोष नागरिकों की हत्या कर दी। पाकिस्तान ने सोमवार रात ये हमले किए, जिसमें कम से कम 10 आम नागरिक मारे गए। ये हमला खोस्त प्रांत में एक आम घर पर हुआ, जहां बच्चे और एक औरत की जिंदगी खत्म हो गई।
हमले की पूरी जानकारी
सोमवार रात करीब 12 बजे की बात है। पाकिस्तानी सेना ने अफगानिस्तान की सरहद पार करके हवाई हमला बोला। निशाना बना खोस्त प्रांत का गेरबाज जिला, जहां मुगलगाय इलाके में एक साधारण घर पर बम गिराए गए। ये घर विलायत खान का था, जो काजी मीर का बेटा है। विलायत खान एक लोकल निवासी हैं, कोई बड़ा नामी नहीं। हमले से पूरा घर तबाह हो गया। आसपास के लोग बताते हैं कि रात के सन्नाटे में अचानक धमाके की आवाज आई, और सब कुछ बर्बाद। पाकिस्तान की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है कि ये हमला क्यों किया गया, लेकिन अफगानिस्तान इसे सीधी घुसपैठ बता रहा है।
मरने वालों में ज्यादातर बच्चे
मरने वालों में ज्यादातर मासूम बच्चे थे। तालिबान के मुताबिक, कुल 10 लोग मारे गए हैं, जिसमें 5 लड़के, 4 लड़कियां और एक महिला शामिल है। ये आंकड़े तालिबान सरकार ने ही दिए हैं, जो सोशल मीडिया पर शेयर किए गए। कोई अतिरिक्त घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन घर के मलबे में अभी भी लोग फंसे हो सकते हैं।
तालिबान की प्रतिक्रिया
तालिबान के प्रवक्ता ज़बीहुल्लाह मुअजाहिद ने तुरंत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट डाली। उन्होंने लिखा, “पिछली रात करीब 12 बजे, पाकिस्तानी घुसपैठिए ताकतों ने खोस्त प्रांत के गेरबाज जिले के मुगलगाय इलाके में लोकल निवासी विलायत खान बिन काजी मीर के घर पर बमबारी की। नतीजा ये हुआ कि 9 बच्चे (5 लड़के और 4 लड़कियां) और एक औरत शहीद हो गईं, और उनका घर नष्ट हो गया।” अफगानिस्तान की सरकार ने पाकिस्तान को “घुसपैठिया” कहा है।
क्यों बढ़ रहा तनाव
ये कोई पहली घटना नहीं है। काबुल और इस्लामाबाद के बीच रिश्ते पहले से ही तल्ख हैं। अफगान शरणार्थियों को पाकिस्तान से निकालने का अभियान चल रहा है, जिसमें लाखों लोग प्रभावित हो रहे हैं। सीमा पर तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) जैसे गुटों की वजह से भी झड़पें होती रहती हैं। पाकिस्तान आरोप लगाता है कि अफगानिस्तान से आतंकी घुसपैठ कर रहे हैं, जबकि तालिबान इसे झूठा बताता है। ऐसे में ये हमला तनाव को नई ऊंचाई दे रहा है।

















