आज डिजिटल पेमेंट हमारी रोजमर्रा की जरूरत बन चुका है। सब्जी खरीदना हो, बिजली का बिल भरना हो या किसी दुकान पर पेमेंट करना हो- अब कैश या कार्ड की कोई चिंता नहीं रहती। बस मोबाइल से QR कोड स्कैन करें और पेमेंट तुरंत हो जाता है। इसी सुविधा को और सरल बनाने के लिए अब UPI Credit Line शुरू की जा रही है। जानकारी के अनुसार Axis Bank, HDFC Bank और Kotak Mahindra Bank जैसे बड़े निजी बैंक इसे जल्द लॉन्च करने की तैयारी में हैं। आने वाले महीनों में यह सेवा पूरे देश में बड़े स्तर पर उपलब्ध हो सकती है। आइए इसे आसान भाषा में समझते हैं।
UPI Credit Line क्या है- UPI Credit Line एक छोटी और तुरंत मिलने वाली उधार सुविधा है, जिसमें बैंक आपको थोड़ी सी क्रेडिट लिमिट देते हैं ताकि आप बिना बैलेंस के भी UPI से पेमेंट कर सकें। इस लिमिट का उपयोग करके ग्राहक बिना अपने अकाउंट में बैलेंस होने के बावजूद UPI के जरिए पेमेंट कर सकते हैं। ह सुविधा क्रेडिट कार्ड जैसी है, लेकिन इसमें किसी कार्ड की जरूरत नहीं पड़ती। सीधे UPI ऐप- से PhonePe, Google Pay या Paytm—का इस्तेमाल करके इस क्रेडिट लिमिट से भुगतान किया जा सकेगा। NPCI ने इसे सितंबर 2023 में पेश किया था लेकिन अब पहली बार बड़े बैंक इसे बड़े स्तर पर लागू करने जा रहे हैं।
कैसे काम करेगी यह सुविधा- बैंक ग्राहक को ₹1,000 से लेकर ₹20,000 या उससे ज्यादा की एक छोटी क्रेडिट लिमिट देगा। ग्राहक इस लिमिट का उपयोग UPI स्कैन और पेमेंट के लिए कर सकेगा। बाद में उपयोग की गई रकम को बैंक को ब्याज के साथ वापस चुकाना होगा। समय पर भुगतान करने पर आपकी क्रेडिट हिस्ट्री मजबूत होती जाएगी। सबसे बड़ी बात यदि किसी दिन आपके अकाउंट में जीरो बैलेंस भी है, तब भी आप इस क्रेडिट लाइन की मदद से तुरंत पेमेंट कर पाएंगे। UPI Credit Line से आम लोगों को कई तरीकों से मदद मिलेगी जैसे- मेडिकल इमरजेंसी, ऑनलाइन टिकट बुकिंग, बिजली-पानी के बिल, जरूरी खरीदारी। ऐसे मौकों पर जब अकाउंट में पैसे न हों, यह सुविधा तुरंत काम आ सकती है। जिन लोगों को ₹1,000–₹20,000 जैसे छोटे लोन चाहिए, उन्हें अब लोन की लंबी प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा। बस UPI ऐप से ही क्रेडिट मिल जाएगा। न क्रेडिट कार्ड बनवाने की जरूरत, न सालाना चार्ज और न कार्ड खोने का डर। सबकुछ मोबाइल ऐप में उपलब्ध होगा। समय पर क्रेडिट लाइन का भुगतान करने से आपका क्रेडिट स्कोर मजबूत होगा। इससे आगे चलकर- सस्ते ब्याज दर पर लोन, बेहतर क्रेडिट कार्ड, आसान EMI जैसी सुविधाएं मिल सकती हैं।
बैंकों को क्या फायदा होगा- जिन लोगों के पास क्रेडिट कार्ड नहीं है, वे भी आसानी से बैंक के ग्राहक बन सकेंगे। छोटी क्रेडिट सुविधा का समय पर भुगतान करने वाले लोग भविष्य में बड़े लोन लेने की क्षमता रखते हैं, जिससे बैंक को स्थिर ग्राहक मिलते हैं। डिजिटल पेमेंट बढ़ने से बैंक का कारोबार भी तेजी से बढ़ेगा। पहले बैंक इस सुविधा को लॉन्च करने को लेकर हिचकिचा रहे थे। उनकी चिंता थी- ब्याज दर कैसे तय की जाएगी? क्या बिना ब्याज की अवधि दी जाएगी?











