Delhi Car bomb Blast: दिल्ली में कार बम धमाके की जांच में एक बड़ा खुलासा हुआ है। डीएनए जांच से पता चला है कि जिस i20 कार में विस्फोट से दर्जन भर लोग मारे गए थे, उसका ड्राइवर उमर उन नबी ही था। जांच एजेंसियों ने दावा किया है कि यह सिर्फ एक घटना नहीं थी, बल्कि एक संगठित आतंकी मॉड्यूल का हिस्सा था। आतंकियों के निशाने पर दिल्ली के साथ ही अयोध्या भी था। आतंकी कई जगहों पर वाहन-जनित आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) से हमले करने की योजना बना रहे थे। इसके बाद असॉल्ट राइफलों से फायरिंग भी होनी थी।
तुर्की से रची गई साजिश
इस मॉड्यूल का सरगना तुर्की में बैठा एक हैंडलर था, जिसका कोडनेम ‘उकासा’ है। दिल्ली के अलावा आयोध्या को भी निशाना बनाया जाना था। अब नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) ने केस अपने हाथ में ले लिया है, और दो अन्य गाड़ियों की तलाश तेज हो गई है।
साजिश का पूरा प्लान
यह प्लान 2022 में तुर्की में ही तैयार किया गया था। मॉड्यूल ने तीन गाड़ियां खरीदीं – एक हुंडई i20, लाल रंग की फोर्ड इकोस्पोर्ट और मारुति ब्रेजा। इनमें अमोनियम नाइट्रेट और आरडीएक्स का मिश्रण भरकर धमाके करने थे। i20 वाली गाड़ी रेड फोर्ट के पास फटी, जिसमें बॉम्बर उमर उन नबी की बॉडी मिली। डीएनए टेस्ट से यह कन्फर्म हो गया कि ड्राइवर वही था। बाकी दो गाड़ियों के लिए बी ऑन लुकआउट (बीओएलओ) नोटिस जारी हो चुका है, क्योंकि इनमें भी विस्फोटक छिपे हो सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: आतंकवाद पर बड़ी कार्रवाई : 6 माह में 14 राज्यों में 60 से अधिक आतंकी गिरफ्तार, भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद
फोर्ड इकोस्पोर्ट, जिसका दिल्ली नंबर 0458 से खत्म होता है, बुधवार को फरीदाबाद में मिल गई। अब ब्रेजा की तलाश चल रही है। टाइम्स ऑफ इंडिया ने सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि उमर ने ही ये गाड़ियां जुटाई थीं। मॉड्यूल का मकसद था ‘स्पेक्टैकुलर टेरर अटैक’, यानी ऐसा हमला जो पूरे देश को हिला दे। दिल्ली के बाद अगला टारगेट आयोध्या था। वहां 25 नवंबर को राम मंदिर पर भगवा झंडा फहराने के मौके पर धमाका प्लान किया गया था।
डॉक्टर था उमर उन नबी
मुख्य आरोपी उमर उन नबी था, जो एक डॉक्टर भी था। हाल ही में फरीदाबाद मॉड्यूल पर छापे में यह भाग निकला था। जांच में पता चला कि वह तुर्की के हैंडलर उकासा के इशारे पर काम कर रहा था। उमर के परिवार के डीएनए सैंपल दिल्ली भेजे गए, जो कार में मिली बॉडी से मैच हो गए। जैश-ए-मोहम्मद जैसे टेरर ग्रुप से लिंक होने की बात भी सामने आ रही है।
दूसरी तरफ, गृह मंत्री अमित शाह ने तुरंत एक्शन लेते हुए एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि सभी अपराधियों को पकड़ो। शाह ने एक्स पर लिखा, “इस कृत्य में शामिल हर शख्स को हमारी एजेंसियों की पूरी ताकत का सामना करना पड़ेगा।” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भूटान दौरे पर थे, लेकिन वहां से शाह को फोन करके पूरी जानकारी ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एंगोला में थीं, फिर भी शाह से बात कर घटना की जानकारी ली।
मीटिंग्स में होम सेक्रेटरी गोविंद मोहन, इंटेलिजेंस ब्यूरो के डायरेक्टर तपन डेका, दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा, एनआईए के डीजी सदानंद वसंत दाते और जम्मू-कश्मीर के डीजीपी नलिन प्रभात शामिल हुए। प्रभात वर्चुअल तरीके से जुड़े। शाह ने फॉरेंसिक साइंस लैब को डीएनए मैचिंग जल्दी करने को कहा। एनआईए को प्रीलिमिनरी रिपोर्ट जल्द सबमिट करने का आदेश दिया गया है।

















