सोमवार शाम दिल्ली में लाल किले पर हुए बम धमाके के बाद पाकिस्तान में खलबली मची हुई है। इस घटना के बाद, पाकिस्तान ने अभूतपूर्व सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिया है और सोशल मीडिया पर भी दोनों देशों के यूजर्स के बीच तीखी बहस देखी जा रही है। पाकिस्तान ने तीनों सेनाओं सहित अपने सभी सैन्य और सुरक्षा संस्थानों को उच्च सतर्कता पर रख दिया है। वायु सेना को एयर डिफेंस एक्टिव करने और हवाई अड्डों तथा एयरफील्ड पर रेड अलर्ट जारी करने के आदेश दिए गए हैं ताकि भारत की तरफ से किसी भी संभावित कार्रवाई का जवाब दिया जा सके। इसके साथ ही एयर ट्रैफिक पर ‘नोटम’ जारी कर दिया गया है, जो हवाई सीमा में अतिरिक्त प्रतिबंध और सुरक्षा प्रोटोकॉल का संकेत करता है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान के कुछ शहरों में ब्लैकआउट की स्थिति देखने को मिली, जिससे वहां के नागरिक दहशत में हैं। कई जगहों पर सेना और सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है और नागरिकों को आवश्यक सुरक्षा निर्देश दिए जा रहे हैं।
लाल किला धमाके के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भारत में ‘ऑपरेशन सिंदूर 2.0’ ट्रेंड करने लगा। भारतीय यूजर्स ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की और आक्रोश भरे शब्दों में पोस्ट किए। हैशटैग #RedFort, #लालकिला के साथ लाखों लोग पोस्ट कर रहे हैं, जिसमें पाकिस्तान के खिलाफ प्रतिबंध कड़े करने और पहले से सख्त जवाब देने की मांग की जा रही है।

पाकिस्तानी यूजर्स की तरफ से इस घटना को ‘फर्जी’ और भारत द्वारा ‘खुद गढ़ी गई घटना’ बताया जा रहा है। पाकिस्तानियों का कहना है कि ‘भारत खुद इस तरह के हमले कराकर दुनिया में अपने को पीड़ित दिखाना चाहता है।’ इसके जवाब में अफगानिस्तान के सोशल मीडिया यूजर्स ने कहा कि इस हमले में पाकिस्तान के आतंकवादियों का हाथ हो सकता है, पाकिस्तान ही आतंक का मुख्य ठिकाना है।
पाकिस्तानी लोग सोशल मीडिया पर जिस प्रकार की पोस्ट डाल रहे हैं उससे साफ है कि जिन्ना के देश में डर और बेचैनी का माहौल है। पाकिस्तानी अखबारों और न्यूज़ चैनलों ने भारत में हुए धमाके की खबर बड़े स्तर पर दर्शाई जा रही है। साथ ही पाकिस्तानी सेना ने बयान जारी करते हुए इस मामले में आम नागरिकों को सतर्क रहने के आदेश दिए हैं। पाकिस्तानी मंत्री और सैन्य अधिकारी भारत से युद्ध की संभावना को लेकर अपने सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा कर रहे हैं। आज भी सेना प्रमुख एक बड़ी मीटिंग करने जा रहे हैं, जिसमें वे संभावित परिस्थितियों पर चर्चा कर सकते हैं। सेना प्रमुख असीम मुनीर ने सभी सैन्य शाखाओं, वायुसेना और नौसेना को ‘तैयार’ रहने का निर्देश दिया है। इससे पाकिस्तान में खलबली के स्तर का पता चलता है।
अफगान तालिबान समर्थकों ने पाकिस्तानियों को सीधा जवाब देते हुए सोशल मीडिया पर कहा है कि भारत में हुए विस्फोट में आतंकवादियों के गढ़ पाकिस्तान का हाथ था। उनके अनुसार, ये हमला पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित है, पाकिस्तान को दुनियाभर में आतंक का अड्डा माना जाता है। सोशल मीडिया पर अनेक प्रकार के मीम्स, वीडियो, तस्वीरें और व्यंग्य के रूप में पोस्ट्स डाली जा रही हैं।
अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया
लाल किले पर धमाके के बाद पूरे अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने इस घटना की कड़ी निंदा की है और वैश्विक स्तर पर चिंता जताई है। कई देशों के नेताओं ने अपने संदेशों और ट्वीट्स में भारत के साथ संवेदना प्रकट की, शांति की अपील की। अनेक नेताओं ने भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए मिलकर काम करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
जी-7 देशों (कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, यूके, अमेरिका) ने आधिकारिक बयान जारी करके इस आतंकवादी घटना की कठोर निंदा की है और भारत-पाकिस्तान दोनों से संयम बरतने की अपील की है। जी-7 ने कहा कि क्षेत्रीय तनाव व सैन्य वृद्धि गंभीर खतरा है और नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उधर रूस, अमेरिका, चीन, संयुक्त राष्ट्र और संयुक्त अरब अमीरात ने भी इस हमले की कड़ी निंदा की है। इन्होंने क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील करते हुए भारत की आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई को वैश्विक सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताया है।
अंतरराष्ट्रीय मीडिया ने इस बात पर जोर दिया कि ऐसी घटनाओं पर विश्व समुदाय को सतर्क रहकर ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह के आतंकवादी हमलों को रोका जा सके।

















