टेक्सास कार हादसा: टेक्सास में 2023 के एक कार हादसे में छह भारतीय मूल के लोगों की मौत हो गई थी। वो हादसा 19 साल के ल्यूक गैरेट रेसेकर ने किया था, जो उस वक्त 17 साल का था। वो THC यानी टेट्राहाइड्रोकैनाबिनॉल के नशे में था। अब कोर्ट ने उसे 65 साल की जेल की सजा सुना दी है। हादसे में एक परिवार बर्बाद हो गया, जिसमें सिर्फ एक शख्स बचा, वो भी लकवा मार गया।
क्या है पूरा मामला
ये हादसा 26 दिसंबर 2023 को दोपहर करीब 4 बजे हुआ। जगह थी यूएस हाईवे 67, काउंटी रोड 1119 के पास, क्लीबर्न के दक्षिण में। रेसेकर अपनी कार चला रहा था, अचानक वो सड़क से भटक गया और सामने आ रही मिनीवैन से जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस को उसकी कार में THC मिला, और टॉक्सिकोलॉजी टेस्ट से पुष्टि हुई है। बताया जाता है कि वो परिवार जॉर्जिया से था, जो फॉसिल रिम वाइल्डलाइफ सेंटर घूमकर लौट रहा था। मिनीवैन रुशिल बर्री चला रहे थे। इस सड़क हादसे में नवीना पोटाबाथुला (36 साल), नागेश्वराराव पोंनाडा (64 साल), सीतामहालक्ष्मी पोंनाडा (60 साल), 10 साल का कृतिक पोटाबाथुला, 9 साल की निशिधा पोटाबाथुला, और मिनीवैन के ड्राइवर 28 साल के रुशिल बर्री की मौके पर ही मौत हो गई थी।
बताया जाता है कि ये सब लोकेश के परिवार के थे। लोकेश रुशिल के कजिन थे, जो जॉर्जिया से थे। उनके साथ थे लोकेश की पत्नी नवीना, उनके दो बच्चे कृतिक और निशिधा, ससुर नागेश्वराराव, सास सीतामहालक्ष्मी—ये सब भारत से घूमने आए थे।
लोकेश को मार गया लकवा
लोकेश ही इस हादसे से बचे, लेकिन वो कमर से नीचे लकवाग्रस्त हो गए। उन्होंने अपनी पत्नी, दो बच्चों, कजिन रुशिल, और ससुराल वालों को खो दिया।
आरोपी के साथ क्या हुआ
रेसेकर के साथ उसकी कार में एक पैसेंजर भी था, जो गंभीर ट्रॉमेटिक ब्रेन इंजरी का शिकार हो गया। रेसेकर पर शुरू में छह काउंट्स ऑफ इंटॉक्सिकेशन मैनस्लॉटर, दो काउंट्स ऑफ इंटॉक्सिकेशन असॉल्ट, कंट्रोल्ड सब्सटेंस की पजेशन, और मारिजुआना की पजेशन के आरोप लगे थे। तीन साल की सुनवाई के बाद कोर्ट ने ये माना कि ये हादसा नशे में गाड़ी चलाने और लापरवाही के स्थायी नतीजों की याद दिलाता है। कोर्ट ने आखिरकार 65 साल की सजा सुनाई।

















