नई दिल्ली : सोमवार शाम दिल्ली में हुए ब्लास्ट पर जापान, अर्जेंटीना और ब्रिटेन के राजनयिकों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। तीनों देशों के राजदूतों ने मृतकों के परिवारों के प्रति शोक जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
जापानी राजदूत ओनो केइची का बयान
भारत में जापान के राजदूत ओनो केइची ने अपने आधिकारिक एक्स (X) अकाउंट पर लिखा — “दिल्ली ब्लास्ट में जान गंवाने वालों की दुखद मौत से गहरा दुख हुआ है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”
अर्जेंटीना के राजदूत मारियानो कॉसिनो की प्रतिक्रिया
अर्जेंटीना के राजदूत मारियानो कॉसिनो ने अपनी संवेदनाएं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए कहा- “अर्जेंटीना की जनता और सरकार की ओर से हम रेड फोर्ट ब्लास्ट में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं। हमारी प्रार्थनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं, और हम घायलों के शीघ्र और पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करते हैं।”
ब्रिटिश हाई कमिश्नर लिंडी कैमरन ने जारी की ट्रैवल एडवाइजरी
ब्रिटिश हाई कमिश्नर लिंडी कैमरन ने दिल्ली रेड फोर्ट के पास हुए विस्फोट पर दुख जताते हुए कहा, “मेरे विचार उन सभी के साथ हैं जो आज नई दिल्ली में रेड फोर्ट के पास हुए विस्फोट से प्रभावित हुए हैं।”
उन्होंने ट्रैवल एडवाइजरी भी अपडेट की।
British High Commissioner Tweet
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जताई गहरी संवेदना
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली ब्लास्ट में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा, “जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। घायल लोग जल्द ठीक हों, यही प्रार्थना है। प्रभावित लोगों को अधिकारियों द्वारा हर संभव मदद दी जा रही है।”
उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की।
गृह मंत्री अमित शाह ने दी जानकारी
अमित शाह ने बताया कि सोमवार शाम करीब 7 बजे दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास ह्युंडई i20 कार में धमाका हुआ। उन्होंने कहा, “धमाके में कुछ पैदल यात्री घायल हुए और कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुई हैं। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार कुछ लोगों की मौत हुई है। धमाके की सूचना मिलते ही दिल्ली क्राइम ब्रांच और स्पेशल ब्रांच की टीम 10 मिनट में मौके पर पहुंच गई।” उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस आयुक्त और स्पेशल ब्रांच के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और सभी संभावनाओं की जांच की जा रही है।
घटना में आठ की मौत, सात घायल
एक वरिष्ठ लोकनायक जयप्रकाश नारायण (एलएनजेपी) अस्पताल के अधिकारी ने बताया कि रेड फोर्ट मेट्रो स्टेशन गेट नंबर 1 के पास हुए इस विस्फोट में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हुए हैं।

















