नई दिल्ली, 11 नवम्बर (हि.स.)। राजधानी दिल्ली सोमवार शाम उस वक्त दहल उठी जब लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर एक के पास एक कार में जोरदार धमाका हुआ। शाम 6:52 बजे विस्फोट में कई लोगों की मौत हो गई। धमाका इतना तीव्र था कि आसपास खड़ी कई गाड़ियों और एक बस में भी आग लग गई।
धमाके के तुरंत बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा से बातचीत कर एनआईए, एनएसजी और एफएसएल टीमों को मौके पर भेजने के निर्देश दिए। देर रात शाह खुद एलएनजेपी अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने घायलों का हालचाल लिया और डॉक्टरों से बातचीत की।
अस्पताल के बाहर पत्रकारों से बातचीत में शाह ने कहा, “आज शाम करीब 7 बजे दिल्ली में लाल किले के पास एक हुंडई i20 कार में धमाका हुआ। धमाके की वजह से 3-4 गाड़ियां खराब हो गईं और कई लोग घायल हुए हैं। हॉस्पिटल सूत्रों के मुताबिक, अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है। हमने सभी एंगल से जांच शुरू कर दी है, इसमें आतंकी घटना की संभावना की भी जांच की जा रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।”
मृतकों में एक की हुई पहचान
अशोक, एक अज्ञात व्यक्ति (35), एक अज्ञात व्यक्ति (32), एक अज्ञात व्यक्ति (52), एक अज्ञात व्यक्ति (58), एक अज्ञात व्यक्ति (28), एक अज्ञात व्यक्ति (30) और एक अज्ञात व्यक्ति (35)।
घायल व्यक्तियों में शामिल हैं
शायना परवीन (23), हर्षुल (28), शिवा जायसवाल (32), समीर (26), जोगिंदर (28), भवानी साहंकार सहरमा (30), गीता (26), विनय पाठक (50), पप्पू (53), विनोद सिंह (55), शिवम झा (21), अज्ञात अमन (26), साहनवाज़ (35), अंकुश शर्मा (28), फारुख (55), तिलक राज (45), मोहद सफवान (28), मोहद दाऊद (31), किशोरी लाल (42) और आज़ाद (34)।
देशभर में अलर्ट, सुरक्षा कड़ी
विस्फोट के बाद देशभर में सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। दिल्ली-एनसीआर के साथ-साथ कर्नाटक, हरियाणा, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में भी पुलिस और एंटी-टेरर स्क्वॉड (एटीएस) को अलर्ट पर रखा गया है। नोएडा, गुरुग्राम, मुंबई, बेंगलुरु और पुणे जैसे बड़े शहरों में संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है, जबकि रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और मॉल में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
चांदनी चौक सील
दिल्ली पुलिस ने कहा कि आसपास की सभी मेट्रो एंट्री बंद कर दी गई और लाल किले से सटे चांदनी चौक क्षेत्र को सील कर दिया गया है। लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास वाहन में हुए विस्फोट के बाद, दिल्ली-एनसीआर में सीआईएसएफ द्वारा सुरक्षित सभी प्रतिष्ठानों जैसे दिल्ली मेट्रो, लाल किला, सरकारी भवन और आईजीआई एयरपोर्ट को हाई अलर्ट पर रखा गया है। स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और सभी कर्मियों को स्टैंडबाय पर रखा गया है।
जांच में जुटी एनआईए, एनएसजी और फॉरेंसिक टीमें
घटनास्थल पर एनआईए, एनएसजी और एफएसएल की संयुक्त टीम जांच कर रही है। शुरुआती जांच में विस्फोट की प्रकृति कम तीव्रता वाली बताई जा रही है, लेकिन किसी बड़ी साजिश से इनकार नहीं किया गया है। विशेषज्ञ यह भी जांच कर रहे हैं कि धमाका सीएनजी किट फटने से हुआ या विस्फोटक सामग्री के कारण।
















