कर्णावती: दिल्ली में कार विस्फोट की घटना के बाद गुजरात पुलिस ने हाई अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में कार विस्फोट का कारण अभी तक पता नहीं चला है, लेकिन एहतियात के तौर पर, डीजीपी विकास सहाय ने पूरे राज्य में अलर्ट जारी कर दिया है। वहीं गुजरात एटीएस की गिरफ्त में आए आईएसआईएस के आतंकियों ने खुलासा किया है कि उन्होंने दिल्ली, अहमदाबाद और लखनऊ की रेकी की थी। लखनऊ में आरएसएस का कार्यालय आतंकियों के निशाने पर था।
सभी शहर और जिला पुलिस प्रमुखों को निर्देश दिया गया है कि वे नाकाबंदी करें और वाहनों की जांच भी करें। डीजीपी ने पुलिस पेट्रोलिंग करने और पुलिस बल तैनात करने के भी आदेश जारी किए हैं। खासकर महानगर और राज्य के प्रवेश और निकास बिंदुओं पर, साथ ही शहरी जिलों के सभी प्रवेश और निकास बिंदुओं पर नाकाबंदी कर आने जानेवाले सभी प्वाइंट पर जांच करने के आदेश दिए हैं।
डीजीपी ने ट्वीट कर नागरिकों से की अपील
डीजीपी विकास सहाय ने ट्वीट कर बताया कि दिल्ली की घटना में ब्लास्ट का कारण अभी तक सामने नहीं आया है लेकिन फिर भी गुजरात पुलिस अभी हाई अलर्ट मोड पर आ गई है। डीजीपी ने आम जनता से अपील की कि वे अफवाहों पर भरोसा ना करें और चौकन्ना रहें। कुछ भी संदिग्ध लगने पर सीधा स्थानीय पुलिस को जानकारी दे।
अहमदाबाद समेत के शहरों में पुलिस की सघन जांच
अहमदाबाद समेत सभी महानगरों में सघन सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस लगातार चेकिंग कर रही है। सभी शहरों में बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, होटल्स, हाईवे, शहर की तरफ आनेवाले और शहर के एक्जिट प्वाइंट पर भी सघन जांच शुरू कर दी गई है। गुजरात राजस्थान को जोड़ती हर एक चेकपोस्ट पर पुलिस पेट्रोलिंग लगाकर सभी व्हीकल्स की जांच की जा रही है। प्रसिद्ध अंबाजी मंदिर पर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सभी शहरों में धार्मिक स्थल और ज्यादा भीड़ वाले जगहों पर पुलिस सघन जांच कर रही है।

















