नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दिल्ली और पंजाब में छापेमारी करके चार आतंकियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से तीन को पंजाब और एक को दिल्ली से पकड़ा गया। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि ये आतंकी दिल्ली में धार्मिक स्थलों, दिल्ली पुलिस के थानों और ठिकानों पर हमले की साजिश रच रहे थे। उन्होंने कुछ थानों और पुलिस ठिकानों की रेकी भी की थी।
स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त प्रवीण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आतंकियों की पहचान शुभदीप सिंह उर्फ विशाल (23), गुरजंत सिंह उर्फ ऋषि (22), साजन सिंह उर्फ हनी (28) और गरनप्रीत (24) के रूप में हुई है। सभी पंजाब के रहने वाले हैं और आईएसआई हैंडलर शहजाद भट्टी के सीधे संपर्क में थे। गगनप्रीत के मोबाइल से पुलिस को कई धार्मिक स्थलों, पुलिस थानों के अलावा पुलिस के कई दूसरे भवनों के वीडियो मिले है। गगनप्रीत दिल्ली में रहकर रेकी कर रहा था।
शहजाद भट्टी रच रहा बड़े हमले की साजिश
पाकिस्तान में बैठा आईएसआई हैंडलर शहजाद भट्टी साथियों के साथ मिलकर दिल्ली-एनसीआर में बड़े आतंकी हमले की साजिश रच रहा है। वह पंजाब के कुछ युवाओं को लालच देकर भर्ती कर रहा है। हाल ही में पंजाब में भी ऐसे मामले सामने आए हैं कि युवाओं को पैसों का लालच देकर आतंकी गतिविधियों में जोड़ा जा रहा है।
पुलिस पूछताछ के दौरान शुभदीप ने बताया कि वह शहजाद भट्टी के जरिए पाकिस्तानी हैंडलरों के संपर्क में था और ड्रोन के जरिए हथियार एवं ड्रग्स प्राप्त कर रहा था। गगनप्रीत के मोबाइल से रेकी के कई वीडियो और दूसरी जानकारी मिली। गगनप्रीत को दिल्ली के धार्मिक स्थलों और पुलिस ठिकानों पर हमले का काम सौंपा गया था।
















