देश में कई बड़े आतंकी साजिशों का खुलासा हुआ है। जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य एजेंसियों की निगरानी में हुई छापेमारी में भारी मात्रा में विस्फोटक, असलहा और कारतूस बरामद होने की खबर सामने आई है। वहीं गुजरात एटीएस ने रासायनिक हमला करने की साजिश रचने वालों को भी पकड़ा है।
सूत्रों के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर पुलिस ने हरियाणा के फरीदाबाद में एक कश्मीरी डॉक्टर के घर छापा मारा। डॉक्टर का नाम मुजाहिल शकील बताया जा रहा है। डॉक्टर की निशानदेही पर पुलिस को वहां से लगभग 300 किलो आरडीएक्स, एके-47 राइफल और 84 कारतूस समेत कुल 48 सामान बरामद हुए। साथ ही पांच लीटर केमिकल भी मिला। बताया जा रहा है कि बरामद सामान 14 भारी बैगों में रखा था। पुलिस ने यह कार्रवाई कुछ दिन पहले की थी और इस मामले में खुफिया ब्यूरो की टीम भी जांच कर रही है। स्थानीय पुलिस ने अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन जांच जारी है और अधिकारियों ने मामले पर बयान देने से पहले जांच पूरी करने की बात कही है।
इसी क्रम में, श्रीनगर में जैश-ए-मोहम्मद का समर्थन करते पोस्टर लगाने वाले एक अन्य डॉक्टर आदिल को भी गिरफ्तार किया गया है। आदिल अनंतनाग का रहने वाला है और वह कुछ समय से सहारनपुर में रहकर काम कर रहा था। सहारनपुर और श्रीनगर पुलिस व एटीएस दोनों उसकी गतिविधियों और कनेक्शनों की जांच कर रही हैं। श्रीनगर पुलिस ने आदिल के घर से भी एक एके-47 बरामद करने की सूचना दी है। आदिल को एक निजी अस्पताल से गिरफ्तार किया गया था और बाद में अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें बर्खास्त भी किया है।
गुजरात एटीएस ने अहमदाबाद में एक डॉक्टर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिनपर देश में जहरीले हमले की साजिश रचने का आरोप है। आरोपियों के पास से तीन विदेशी पिस्तौल, 30 कारतूस और चार लीटर कास्टर ऑयल बरामद हुआ है। कास्टर ऑयल का इस्तेमाल ‘रिकिन’ नामक घातक विष निकालने में होता है, जो शरीर में प्रवेश करने पर प्रोटीन बनने की प्रक्रिया रोककर अंगों को काम न करने पर मजबूर कर देता है। एटीएस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में तेलंगाना के डॉक्टर अहमद मोहीउद्दीन सैयद और यूपी के आजाद सुलेमान शेख तथा सुहैल शामिल हैं।
















