केंद्र सरकार देश के छोटे और सीमांत किसानों की आर्थिक मदद के लिए कई योजनाएं चला रही है, जिनमें से सबसे लोकप्रिय योजना है प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN)। इस योजना का उद्देश्य उन किसानों को आर्थिक सहायता देना है, जो सीमित संसाधनों के कारण खेती से अधिक आय नहीं कमा पाते। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत सरकार हर साल किसानों को 6,000 रुपये की सहायता राशि देती है, जो तीन किस्तों में उनके बैंक खातों में सीधे भेजी जाती है।
कब आती हैं किस्तें- सरकार हर चार महीने में एक बार 2,000 रुपये की राशि किसानों के खाते में भेजती है। अब तक इस योजना की 20 किस्तें जारी की जा चुकी हैं और किसान 21वीं किस्त का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। पिछली यानी 20वीं किस्त अगस्त 2024 में किसानों के खातों में आई थी। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि 21वीं किस्त नवंबर के आखिर या दिसंबर 2025 की शुरुआत में जारी की जा सकती है। हालांकि, केंद्र सरकार की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक तारीख की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन तैयारी चल रही है।
क्या है पीएम किसान सम्मान निधि योजना- इस योजना की शुरुआत 24 फरवरी 2019 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई थी। इसका उद्देश्य छोटे और सीमांत किसानों को आर्थिक सुरक्षा देना है ताकि वे अपनी खेती और अन्य जरूरतों को पूरा कर सकें। इस योजना का लाभ देश के सभी पात्र किसान परिवारों को दिया जाता है, जिनके पास दो हेक्टेयर (लगभग 5 एकड़) तक की खेती योग्य जमीन होती है। इस योजना की खास बात यह है कि पैसा सीधे किसानों के बैंक खाते में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से भेजा जाता है। यानी बीच में किसी एजेंसी या बिचौलिये की भूमिका नहीं होती, जिससे पारदर्शिता बनी रहती है। अगर आप जानना चाहते हैं कि आपका नाम लाभार्थी सूची (Beneficiary List) में है या नहीं, तो आप इसे घर बैठे आसानी से चेक कर सकते हैं। इसके लिए आपको नीचे दिए गए स्टेप्स फॉलो करने होंगे- सबसे पहले पीएम किसान योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं – https://pmkisan.gov.in/। वेबसाइट के होमपेज पर “Know Your Status” या “Beneficiary Status” विकल्प पर क्लिक करें। अब आपको अपना रजिस्ट्रेशन नंबर या मोबाइल नंबर डालना होगा। इसके बाद “Get Data” पर क्लिक करें। कुछ ही सेकंड में स्क्रीन पर आपकी पूरी जानकारी सामने आ जाएगी – जिसमें आपकी किस्त की स्थिति, भुगतान की तारीख और बैंक विवरण होगा। सरकार ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि 21वीं किस्त उन्हीं किसानों को मिलेगी जिन्होंने अपनी ई-केवाईसी (e-KYC) प्रक्रिया पूरी कर ली है। जिन किसानों ने अभी तक यह नहीं कराया है, वे जल्द से जल्द इसे पूरा करें।















