बिहार चुनाव-2025: बिहार की राजनीति में इन दिनों नौकरी के वादों को लेकर बहस छिड़ी हुई है। खासकर भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव पर टिप्पणियां हो रही हैं, जो राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के टिकट पर छपरा से चुनाव लड़ रहे हैं। पहले बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने उन्हें ‘नचनिया’ कहा, तो अब लालू प्रसाद यादव के बेटे तेज प्रताप यादव ने भी चुटकी ली है। ये सब बिहार विधानसभा चुनाव के ठीक पहले हो रहा है, जहां महागठबंधन और एनडीए के बीच रोजगार जैसे मुद्दे गरम हैं।
तेज प्रताप का सीधा तंज
तेज प्रताप यादव, जो जनशक्ति जनता दल के प्रमुख हैं, ने खेसारी लाल के नौकरी देने के वादे पर हंसते हुए सवाल उठाया। खेसारी ने कहा था कि अगर महागठबंधन सत्ता में आया, तो कम से कम 50 लाख नौकरियां तो देंगे ही। इस पर तेज प्रताप ने कहा, “खेसारी लाल कौन सी नौकरी देंगे? ‘नाचने वाला’?” तेज प्रताप का ये कहना था कि ऐसे वादे आसान लगते हैं, लेकिन हकीकत में निभाना मुश्किल।
खेसारी लाल के नौकरी वाले वादे
खेसारी लाल यादव ने एक इंटरव्यू में महागठबंधन के रोजगार वादे का पूरा बचाव किया। आरजेडी ने घोषणा की है कि सत्ता में आने के 20 दिनों में कानून बनाकर हर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देंगे। कुल 2 करोड़ नौकरियां देने का लक्ष्य है। खेसारी ने कहा, “अगर 2 करोड़ नहीं दे पाए, तो कम से कम 50 लाख तो देंगे। हमारे नेता कम से कम वादा तो कर रहे हैं। एनडीए सरकार तो सिर्फ ‘जंगल राज’ की बात करती है, रोजगार पर कुछ नहीं।” ये वादा बिहार के युवाओं के बीच खासी लोकप्रिय है, जहां बेरोजगारी एक बड़ा मुद्दा है। खेसारी खुद छपरा से हैं और यहीं से वो चुनावी मैदान में हैं।
पीएम मोदी की कर चुके हैं तारीफ
बिहार चुनाव राजद के प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में डटे खेसारी लाल यादव ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खुलकर तारीफ कर सबको चौंका दिया था। खेसारी ने कहा, “मोदी जी अगर इस देश को 10-15 साल से चला रहे हैं, तो उनमें कुछ तो बात होगी भैया। वो आदमी नॉर्मल नहीं है, बहुत बड़े आदमी है। उसकी सोच बहुत बड़ी है, और मैं उनका बहुत बड़ा फैन हूँ।”
उल्लेखनीय है कि खेसारी लाल यादव, जिनका असली नाम शत्रुघ्न है, छपरा सीट से आरजेडी के उम्मीदवार हैं। उनका मुकाबला बीजेपी की छोटी कुमारी और जनसुराज के जय प्रकाश सिंह से है। बिहार की 243 सीटों पर वोटिंग दो चरणों में होनी है—6 और 11 नवंबर को। नतीजे 14 नवंबर को आएंगे।

















