लखनऊ । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिहार के सिवान विधानसभा क्षेत्र में भारी जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि सिवान की धरती पर फिर से भय और दहशत की सत्ता नहीं बैठने देंगे। एनडीए सरकार बिहार में चंद्रगुप्त और चाणक्य के समय जैसा वैभव वापस लाएगी, बिहार को फिर से स्वर्णयुग की ओर ले जाया जाएगा। नालंदा विश्वविद्यालय को ध्वस्त करने वालों के वंशज आज राजनीतिक इस्लाम की मंशा लेकर विकास को बाधित करने की कोशिश कर रहे हैं।
योगी आदित्यनाथ ने बिहार में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश में भी जनता के उत्साह का आभार व्यक्त करते हुए अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि मैं परसों रघुनाथपुर में आया था, क्योंकि एक खानदानी माफिया वहां पर फिर से कब्जा करना चाहता है। यूपी में हमने बुलडोजर से रौंद रौंद कर ऐसे माफियाओं का कचूमर निकाल करके यूपी की धरती से जहन्नुम के रास्ते खोल दिये हैं। हमारी सीता मइया की धरती पर कोई मारीच और सुबाहू फिर से सिर न उठा सकेगा। रघुनाथपुर की सभा में भारी बारिश के बावजूद युवाओं, माताओं के उत्साह को देखकर लगा कि सिवान में बड़ा सैलाब आने वाला है। योगी ने कहा कि बिहार के नौजवान देश और दुनिया में जहां कहीं गया है उसकी बुद्धी और मेधा का लोहा सबने माना है। अब समय आ गया है, पिछले 20 साल में नितीश बाबू के नेतृत्व में सुशासन की जो नींव मजबूत हुई है। उसपर बिहार की मेधा के बल पर सुदृढ़ भवन का निर्माण करना है।
योगी आदित्यनाथ ने विरोधी दलों पर निशाना साधने हुए कहा कि कई लोग अपने-अपने तरीके से लोगों की आखों में धूल झोंकने का काम कर रहे हैं, जिन्होंने बिहार के सामने पहचान का संकट खड़ा किया था और जिनके कारण सिवानवासी भय और दहशत में जीने को मजबूर थे। उन्हें दोबारा वापस किसी भी हाल में आने नहीं देना है। उन्होंने कहा कि ये लड़ाई केवल सत्ता की नहीं, बल्कि बिहार की अस्मिता की लड़ाई है। बिहार की आन-बान-शान और गौरवशाली परंपरा को पुनर्प्रतिष्ठा प्रदान करने की लड़ाई है। बिहार को फिर से स्वर्ण युग की ओर ले जाने की लड़ाई है। बिहार ने पूरे भारत को स्वर्णयुग का दर्शन कराया था। भारत तब विकसित होगा जब बिहार विकसित होगा। जब बिहार विकसित होगा तो भारत को विकसित होने से कोई रोक नहीं सकता।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बिहार के सपूत चंद्रगुप्त मौर्य और चाणक्य की जोड़ी ने पूरे दुनिया के सामने भारत का डंका बजाया था। दुनिया की अर्थव्यवस्था में उस समय भारत का योगदान 40 फीसदी होता था। शौर्य और पराक्रम चंद्रगुप्त मौर्य का बुद्धि और मेधा चाणक्य का। दुनिया के सामने इन्होंने भारत को सोने की चिड़िया के रूप में प्रस्तुत किया था। विदेशी आक्रांताओं, जिन्होंने नालंदा विश्वविद्यालय को ध्वस्त किया उनके वर्तमान के वंशज भी राजनीतिक इस्लाम की मंशा के साथ फिर से आकर विकास को बाधित करके स्वयं के विकास के लिए मिशन के रूप में काम कर रहे हैं। ब्रिटिशर्स ने यहां के कारीगरों और हस्तशिल्पियों को, अन्नदाता किसानों को भूखे मरने को बाधित किया। अंग्रेजों के वारिस के रूप में कांग्रेस ने उसी ब्रिटिश परंपरा का अनुसरण करते हुए पूरे बिहार के सामने पहले संकट खड़ा किया और विकास को बाधित किया। जो बचा खुचा था उसे आरजेडी ने पूरा करके रख दिया।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आरजेडी के समय बिहार में अपराध और अपहरण एक उद्योग बन चुका था। आरजेडी के राज में किस प्रकार की अराजकता, गुंडागर्दी और परिवारवाद हावी थी, एक ही परिवार के नातेदार-रिश्तेदार पूरे बिहार को रौंदने का काम कर रहे थे। युवाओं के सामने पहचान का संकट खड़ा कर रहे थे। मानव तो दूर पशुओं का चारा हजम करके नौजवानों के सामने भीषण संकट खड़ा कर दिया।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इंडी गठबंधन वाले विकास को बाधित करते हैं, विरासत को गाली देते हैं। गरीबों के कल्याण के लिए चल रही योजनाओं में डकैती करने और हजम करने के लिए सत्ता पर काबिज होना चाहते हैं। कांग्रेस और आरजेडी अगर जीतती है तो गरीब के राशन को बंद करके हजम कर डालेंगे। नौजवानों की नौकरी के नाम पर आप की जमीन को भी हजम कर डालेंगे। ये लोग विकास तो नहीं कराएंगे लेकिन विकास के नाम पर माफियाराज को फिर से लाकर नग्न तांडव सिवान और बिहार में फिर से करेंगे।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जैसे यूपी में पेशेवर अपराधी सपा के शागिर्द हैं ऐसे ही बिहार में अपराधी आरजेडी और कांग्रेस के शागिर्द हैं। इन्हें पनपने नहीं देना है। ये जब भी आगे बढ़ेंगे ये गरीब के हक पर डाका डालेंगे, बहन बेटियों की सुरक्षा पर सेंध लगाएंगे। रोजगार को छीनने का काम करेंगे। किसानों की खुशहाली को रौंदने का काम करेंगे। यही अपील करने मैं लखनऊ से आपके बीच में आया हूं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और आरजेडी के लोग वही हैं जिन्होंने भगवान राम की रथयात्रा को रोकने का काम किया था। इन्हें भगवान राम, कृष्ण और बुद्ध की विरासत पर गौरव की अनुभूति नहीं होती। इन लोगों ने डॉ राजेन्द्र प्रसाद जी, सरदार वल्ल्भ भाई पटेल, बाबा साहब अम्बेडकर, जय प्रकाश नारायण और कर्पूरी ठाकुर का अपमान किया। इन्होंने बिहार के बेटे सीताराम केशरी का अपमान किया। जेपी के सपनों को धूल धूसरित करने का कार्य किया।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राजेन्द्र बाबू जब सोमनाथ के पुनरुद्धार के लिए जा रहे थे तब प्रधानमंत्री नेहरू ने उन्हें रोकने का प्रयास किया था। तब राजेन्द्र बाबू ने कहा था कि आवश्यकता पड़ी तो इस्तीफा दूंगा लेकिन सोमनाथ के पुनरुद्धार के लिए जरूर जाउंगा। जिन लोगों ने राममंदिर के रथ को रोका था। सुप्रीम कोर्ट में कहा कि भगवान राम काल्पनिक हैं। मगर आज आप अयोध्या जाएंगे, तो देखेंगे कि वहां कितना सुंदर और भव्य मंदिर बना है। अगर अयोध्या में भव्य राममंदिर बना तो सीतामढ़ी में मां जानकी के भव्य मंदिर का निर्माण भी एनडीए करा रही है। जिस मार्ग से भगवान राम सीता मइया को लेकर अयोध्या गये। उस मार्ग को भी एन डीए की सरकार राम जानकी मार्ग के रूप में 6155 करोड़ से बना रही है। अब बिहार अपनी पहचान को लेकर मोहताज नहीं है। सड़क, रेल, एयर कनेक्टिविटी है। मेट्रो के लिए कार्य हो रहा है। इनलैंड वाटरवे तेजी से विकसित हुई है। बिहार में स्कूल, कॉलेज, मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज बन रहे हैं। 75 लाख बहनों को आर्थिक स्वावलंबन की ओर अग्रसर करने के लिए नितीश बाबू के नेतृत्व में पहली किस्त जारी हो गई है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ये एनडीए है, जो झूठे वायदे नहीं करता। हम करते हैं फिर बोलते हैं। एनडीए ने कहा था कि आएंगे तो राममंदिर बनाएंगे, बन गया। कहा था कि माफियाराज समाप्त करेंगे, समाप्त हो गया। दंगा नहीं होगा, तो यूपी में अब कोई दंगा नहीं कर सकता। यूपी में सब चंगा है। दंगा करने वालों को बता दिया गया है कि दंगा करोगे तो खानदानी प्रॉपर्टी जाएगी और कोई भीख भी नहीं देगा। दंगाइयों की संपत्तियों को जब्त करके गरीबों का मकान बनाने का हमने काम किया है। हमने कहा था मफियाराज सदैव के लिए समाप्त करेंगे, तो बहुत अच्छे ढंग से माफिया के जहन्नुम के टिकट काटे गये। बिहार अब इस दिशा में आगे बढ़ रहा है। एनडीए की सरकार जो बोलती है वो करके दिखाती है।
















