सर्दियों मौसम में शरीर को अतिरिक्त ऊर्जा और पोषण की जरूरत होती है। इस मौसम में अगर आप अपनी डाइट में भीगे हुए अंजीर (figs) शामिल कर लें, तो यह कई स्वास्थ्य समस्याओं से बचाने में मदद कर सकता है। अंजीर स्वाद में मीठा होता है और इसके भीतर कैल्शियम, आयरन, मैग्नीशियम, पोटैशियम, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। जब इसे रातभर पानी में भिगोकर सुबह खाली पेट खाया जाए, तो इसके फायदे कई गुना बढ़ जाते हैं। आइए जानते हैं सर्दियों में रोजाना भीगे अंजीर खाने के अद्भुत फायदे-
पाचन तंत्र और इम्यून सिस्टम को मजबूत- सर्दियों में अक्सर लोगों को कब्ज और गैस की समस्या हो जाती है। भीगे हुए अंजीर में मौजूद फाइबर पाचन क्रिया को बेहतर बनाता है और पेट को साफ रखने में मदद करता है। यह आंतों की गति को सुधारता है और कब्ज से तुरंत राहत देता है। अगर आप सुबह खाली पेट दो भीगे अंजीर खाते हैं, तो आपका पेट पूरे दिन हल्का और आरामदायक महसूस करेगा। सर्दियों में ठंड, खांसी और सर्दी-जुकाम जैसी बीमारियां आम हो जाती हैं। अंजीर में विटामिन A, C और एंटीऑक्सीडेंट तत्व होते हैं जो इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाते हैं। नियमित सेवन से शरीर में संक्रमण से लड़ने की क्षमता बढ़ती है और आप मौसम के बदलाव से आसानी से बीमार नहीं पड़ते।
यह भी पढ़ें- सुबह खाली पेट आंवला जूस पीने से कोसों दूर रहती हैं ये बीमारियां
हड्डियों को मजबूत बनाएं और दिल की सेहत के लिए फायदेमंद– भीगे हुए अंजीर में कैल्शियम और मैग्नीशियम प्रचुर मात्रा में होते हैं, जो हड्डियों को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। खासतौर पर महिलाओं और बुजुर्गों के लिए यह बहुत फायदेमंद है। सर्दियों में इसका सेवन करने से जोड़ों के दर्द और कमजोरी से राहत मिलती है। अंजीर में पोटैशियम होता है जो ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में मदद करता है। साथ ही इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स खराब कोलेस्ट्रॉल (LDL) को कम करते हैं, जिससे दिल की बीमारियों का खतरा घटता है।
त्वचा और बालों के लिए वरदान- सर्दियों में त्वचा रूखी और बाल बेजान हो जाते हैं। अंजीर में मौजूद विटामिन E और एंटीऑक्सीडेंट्स त्वचा को अंदर से पोषण देते हैं। यह त्वचा में नमी बनाए रखता है और झुर्रियों को कम करता है। साथ ही बालों की जड़ों को मजबूत कर बाल झड़ने की समस्या भी घटाता है।
(इस लेख में दी गई जानकारी और सुझावों को अमल में लाने से पहले पाठक किसी डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।)















