पिथौरागढ़: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ जिले के सीमांत गांव मिलम का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के जवानों से मुलाकात की और राष्ट्र सेवा की उनकी भावना तथा कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में भी उनके समर्पित कार्य की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सुरक्षा और सीमाओं की रक्षा में सैनिकों का योगदान अतुलनीय है और उनका अनुशासन, कड़ी मेहनत और देशभक्ति सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने सीमांत क्षेत्र के स्थानीय ग्रामीणों से भी बातचीत की। उन्होंने ग्रामीणों से क्षेत्र के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की तथा राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सीमावर्ती गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए ‘वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम’ प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जा रहा है, जिसके तहत इन क्षेत्रों को मूलभूत सुविधाओं से जोड़ने, स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने तथा गांवों को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास जारी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सीमावर्ती क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। आने वाले समय में इन क्षेत्रों में सड़क, संचार, स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा ताकि सीमा पर रहने वाले लोगों के जीवन स्तर में सुधार हो सके। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों के नागरिकों के सहयोग और राष्ट्र के प्रति समर्पण के लिए उनका आभार व्यक्त किया। सीएम धामी ने आईटीबीपी के जवानों को भोजन भी वितरित किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि मुनस्यारी के जोहार क्लब में एक इनडोर स्टेडियम बनाया जाएगा। ग्राम मिलम में नन्दा देवी मंदिर का सौर्न्यीकरण कार्य कराया जाएगा। ग्राम बिल्जू में सामुदायिक मिलन केन्द्र का निर्माण कार्य किया जायेगा। इस अवसर पर आईजी आईटीबीपी संजय गुंज्याल, स्थानीय लोग और आईटीबीपी के जवान मौजूद थे।

















