पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में एक महिला के साथ फाइव स्टार होटल के नाइटक्लब में छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। महिला ने नासिर खान, जुनैद खान और उनके साथियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने कहा, “नाइटक्लब में इन लोगों ने हम पर बोलतों से हमला किया। मुझे गलत तरीके से छूने की कोशिश की। मुझे और मेरे परिवार के सदस्यों को क्लब के शराबखाने में छिपने के लिए मजबूर किया गया।” शिकायतकर्ता का दावा है कि नासिर खान, जो पहले से एक गैंगरेप केस में जेल की सजा काट चुका है और 2020 में रिहा हुआ था। उन लोगों में से था, जिन्होंने उस पर हमला किया और उसे गलत तरीके से छूने की कोशिश की।
रिपोर्ट्स के मुताबिक यह घटना रविवार (26 अक्टूबर) रात की है, जब महिला नाइटक्लब में अपने पति, भाई और दोस्तों के साथ पार्टी कर रही थी। महिला ने नासिर खान और उसके रिश्तेदार जुनैद खान के खिलाफ बिधाननगर साउथ पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि जब वह अपने परिवार के साथ क्लब में पार्टी कर रही थी, तभी नासिर खान, जुनैद खान और उसके कुछ साथियों ने उनके साथ बहस करना शुरू कर दिया और फिर वे सभी हिंसक हो गए। बताया जा रहा है कि नाइटक्लब में सुबह करीब 4:15 बजे शुरू हुआ झगड़ा करीब डेढ़ घंटे तक चला। महिला ने कहा कि नासिर खान ने होटल के अंदर नाइट क्लब में न केवल उसके साथ मारपीट की, बल्कि छेड़छाड़ का प्रयास भी किया। उसका 2012 के पार्क स्ट्रीट गैंगरेप केस से लिंक है।
पुलिस ने बताया कि अभी तक इस मामले में एक भी व्यक्ति को गिरफ्तार नहीं किया गया है। सभी एंगल से मामले की जांच की जा रही है। महिला ने अपनी शिकायत में एक व्यवसायी और उसके रिश्तेदार को आरोपी बताया है। व्यवसायी की पहचान नासिर खान के रूप में हुई है, जो गैंगरेप मामले में जेल की सजा काट चुका है और 2020 में रिहा हुआ था। उसके रिश्तेदार का नाम जुनैद खान है।

















