उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद में मदरसा जामिया एहसानुल बनात गर्ल्स में कक्षा 7 की परीक्षा उत्तीर्ण कर चुकी छात्रा को कक्षा आठ में प्रवेश देने के लिए अजीब किस्म की डिमांड की गई। इसके बाद छात्रा का पूरा परिवार सकते में आ गया। छात्रा के परिजनों ने एडमिशन प्रभारी और प्रिंसिपल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। फिलहाल मौलाना मोहम्मद शाहजहां को गिरफ्तार कर लिया गया।
छात्रा का परिवार चंडीगढ़ जनपद का रहने वाला है। छात्रा उस मदरसे में कक्षा 7 की परीक्षा पास कर चुकी है। इसके बाद बच्ची के अभिभावक मदरसे में अपनी बच्ची का कक्षा 8 में दाखिला कराने के लिए पहुंचे तो वहां पर एडमिशन प्रभारी द्वारा बच्ची का वर्जिनिटी सर्टिफिकेट मांगा गया। छात्रा के पिता का कहना है कि मदरसे में दाखिले के लिए एडमिशन इंचार्ज मौलाना मोहम्मद शाहजहां और प्रिंसिपल ने कहा कि वर्जिनिटी सर्टिफिकेट के बगैर दाखिला नहीं हो पाएगा। इसके बाद छात्रा की मां ने भी मदरसे में दाखिले के लिए कोशिश की मगर वहां के प्रबंध तंत्र ने बच्ची का एडमिशन करने से मना कर दिया। बच्चों के परिजनों का कहना है कि उनकी बच्ची इस मदरसे में कक्षा 7 की परीक्षा पास कर चुकी है। कक्षा 8 में दाखिले के लिए ये लोग वर्जिनिटी सर्टिफिकेट मांग रहे हैं। जब इसका विरोध किया गया तो उन लोगों ने दाखिला करने से साफ मना कर दिया और कहा कि अपनी बच्ची का ट्रांसफर सर्टिफिकेट यहां से ले जाइए। उसके लिए 500 रूपये भी जमा करा लिए लेकिन अभी तक ट्रांसफर सर्टिफिकेट नहीं दिया है जिसकी वजह से बच्ची का किसी अन्य स्कूल में भी दाखिला नहीं हो पा रहा है।
यह भी पढ़ें- मुरादाबाद मदरसे की शर्मनाक हरकत: 8वीं की छात्रा से वर्जिनिटी सर्टिफिकेट मांगा, विरोध करने पर थमा दी टीसी
मुरादाबाद जनपद के पाकड़बाड़ा थाने में एफआईआर दर्ज करने के बाद पुलिस ने मौलाना मोहम्मद शाहजहां को गिरफ्तार कर लिया। मौलाना बिहार के पूर्णिया जनपद का निवासी है। स्कूल का प्रिंसिपल फिलहाल फरार बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसको भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
















