तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में गौरक्षक प्रशांत उर्फ सोनू को कट्टरपंथी मुस्लिम ने गोली मार दी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। गोली मारने वाले शख्स की पहचान इब्राहिम के रूप में बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को गिरफ्तार किया है। केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने पुलिस की मिलीभगत का आरोप लगाते हुए माफिया गतिविधियों को खत्म करने की मांग की है, जबकि बीजेपी नेता माधवी लता ने AIMIM पर हमले का आरोप लगाया है।
प्रशांत 6 सालों से कर रहा गौरक्षा का कार्य
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना 22 अक्टूबर की शाम करीब 5.30 बजे की है। हैदराबाद के घाटकेसर इलाके में बुधवार को गाय तस्करी करने वाले एक समूह ने गौरक्षक प्रशांत (28) को झांसे में लेकर गोली मार दी। उन्होंने प्रशांत को गायों की तस्करी के बारे में जानकारी होने का दावा करके बुलाया था। जब वह मौके पर पहुंचा, तो उनमें से एक आदमी ने उस पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने संदिग्ध की पहचान करके उन्हें हिरासत में ले लिया है और जांच जारी है। बताया जा रहा है कि प्रशांत पिछले 5 से 6 सालों से गौरक्षा के कार्य से जुड़ा है।
रेवंत रेड्डी को चुनौती, प्रशांत को दिलाएं न्याय
राज्य के बीजेपी नेताओं का दावा है कि प्रशांत को गायों की तस्करी रोकने के कारण गोली मारी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM से जुड़ा है। बीजेपी नेता माधवी लता ने पीड़ित को जल्द से जल्द न्याय दिलाने की मांग की है। माधवी लता ने एएनआई को अपने मोबाइल में एक शख्स की तस्वीर दिखाते हुए कहा, “इस आदमी ने एक गौरक्षक प्रशांत (उर्फ सोनू) को गोली मारी है। यह साफ हो गया है कि वह कौन है, जो लोग गायों की रक्षा कर रहे हैं, वे संविधान की रक्षा कर रहे हैं। अगर पुलिस दोषी को गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश नहीं करती है, तो इसका मतलब है कि पुलिस उनकी मदद कर रही है। वह (आरोपी) AIMIM का आदमी है। मैं रेवंत रेड्डी को चुनौती देती हूं कि अगर उनमें हिम्मत है तो वे प्रशांत को न्याय दिलाएं। प्रशांत जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। वह एक बहादुर लड़का है। उसकी हत्या करने की कोशिश की गई है।”
‘इब्राहिम ने प्रशांत पर चलाई गोली’
बीजेपी सांसद ईटाला राजेंद्र का कहना है कि पहले भी इस तरह के हमले हो चुके हैं। इब्राहिम नाम के एक आदमी ने प्रशांत पर गोली चलाई थी। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने कहा कि यह हमला AIMIM के गुंडों ने बीजेपी और आरएसएस कार्यकर्ताओं को डराने के लिए किया है।
‘गौरक्षा के लिए 10 और बेटे कुर्बान’
प्रशांत की मां अपने बेटे को इस हालत में देखकर बेहद दुखी हैं। इसके बावजूद वह भीतर से नहीं टूटीं। उन्होंने सरकार से दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग करते हुए कहा कि वह गौरक्षा के लिए अपने 10 और बेटे बलिदान कर सकती हैं। प्रशांत की मां ने कहा, “मेरा बेटा जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। मैं वाल्मीकि समाज की बहू हूं। गौरक्षा के लिए अपने 10 और बेटों की कुर्बानी दे सकती हूं। उसने मुझे फोन करके बताया था कि वह घाटकेसर में है और उसे गोली लगी है। इसके बाद उसे अस्पताल में ले जाया गया। मेरे बेटे को न्याय दिलाया जाए। मेरे बेटे को अकेला देखकर उन लोगों ने उस पर हमला किया। दोषी को गिरफ्तार कर सख्त से सख्त सजा दी जाए।”

















